नीलम करवरिया कप में हंडिया और मेजा सेमीफाइनल में पहुंचे:मेजा ने प्रतापपुर को 8 रन से और हंडिया ने बारा को 6 विकेट से हराया
नीलम करवरिया कप क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे संस्करण में गुरुवार को खेले गए मुकाबलों में हंडिया और मेजा विधानसभा की टीमों ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। हंडिया ने बारा विधानसभा को छह विकेट से हराया, जबकि मेजा ने रोमांचक मुकाबले में प्रतापपुर विधानसभा को आठ रन से पराजित किया। हंडिया की जीत में आनंद कुमार यादव ने बल्ले और गेंद से अहम योगदान दिया। वहीं, मेजा के कप्तान विनय यादव ने नाबाद 80 रन बनाने के साथ तीन विकेट लेकर टीम को जीत दिलाई। पहले मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बारा विधानसभा की टीम 20 ओवर में 104 रन ही बना सकी। आलेख ने 26 और अखिलेश यादव ने 21 रन बनाए। हंडिया की ओर से प्रेरक पाल और आनंद कुमार यादव ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। आदर्श सिंह और शंकर प्रताप सिंह को एक-एक विकेट मिला। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हंडिया की टीम ने 16.3 ओवर में चार विकेट खोकर 107 रन बनाते हुए मुकाबला जीत लिया। आनंद कुमार यादव ने 35 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि अंकुर यादव ने 13 रन बनाए। बारा की ओर से नितिन सिंह और अनय प्रताप सिंह ने दो-दो विकेट लिए। आनंद को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। उन्हें इलाहाबाद क्रिकेट एसोसिएशन की सीनियर चयन समिति के सदस्य अरविंद सिंह ने सम्मानित किया। दूसरे मुकाबले में मेजा विधानसभा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 134 रन बनाए। कप्तान विनय यादव ने 48 गेंदों पर छह चौके और पांच छक्के लगाकर नाबाद 80 रन बनाए। रोशन कुशवाहा ने 29 रन का योगदान दिया। प्रतापपुर की ओर से ध्रुव प्रताप सिंह ने तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रतापपुर की टीम 13.4 ओवर में 126 रन पर सिमट गई। अनुज सिंह परिहार ने 70 रन बनाकर जीत की कोशिश की, लेकिन टीम को सफलता नहीं मिली। मेजा के कप्तान विनय यादव और अर्जुन दुबे ने तीन-तीन विकेट लेकर प्रतापपुर की पारी समेट दी। विनय को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदीप दुबे ने प्रदान किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)