नीरज रानी ने चुनाव आयोग पर आरोपों का जवाब दिया:कांग्रेस और विपक्ष पर साधा निशाना, आयोग की सफाई का दिया हवाला
कानपुर देहात में जिला पंचायत कार्यालय में सोमवार शाम 5 बजे जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी ने चुनाव आयोग को लेकर कांग्रेस और विपक्षी दलों की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव आयोग की ओर से दी गई स्पष्टता के बाद विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों का कोई आधार नहीं रह जाता है। नीरज रानी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार तथा चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी की ओर से लिए गए निर्णयों को लेकर आयोग ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने दावा किया कि 26 सितंबर की बैठक में प्रमुख निर्णय सर्वसम्मति से लिए जाने की बात सामने आई है। चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर वर्तमान में ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त तथा डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी को चुनाव आयुक्त के रूप में दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट सेक्रेटरी को भेजे गए पत्र को किसी चुनावी नीति से जोड़ना उचित नहीं है। उनके अनुसार, यह मामला डेपुटेशन पर आए एक अधिकारी की प्रशासनिक कार्यप्रणाली से जुड़ा आंतरिक विषय था। उन्होंने एक अंग्रेजी दैनिक में प्रकाशित रिपोर्ट को भी तथ्यहीन बताते हुए सवाल उठाए। फॉर्म-6 को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर भी नीरज रानी ने विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि मतदाता पंजीकरण के लिए चुनाव आयोग की व्यवस्था में फॉर्म-6 का इस्तेमाल किया जाता है और आयोग की वेबसाइट पर भी फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के पंजीकरण की व्यवस्था दर्ज है। नीरज रानी ने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक विफलताओं को छिपाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही है। उन्होंने राहुल गांधी के पूर्व बयानों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस से चुनाव आयोग को लेकर लगाए गए आरोपों पर देश से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जैसे संवैधानिक संस्थानों को लेकर राजनीतिक दलों को तथ्यों के आधार पर ही अपनी बात रखनी चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)