मेयर बोले- राहुल गांधी देशद्रोही 'झूठ फैलाना बंद करें':चुनाव आयोग पर बेबुनियाद आरोप, बिना शर्त पूरे देश से माफी मांगें

Sep 28, 2026 - 17:57
0
मेयर बोले- राहुल गांधी देशद्रोही 'झूठ फैलाना बंद करें':चुनाव आयोग पर बेबुनियाद आरोप, बिना शर्त पूरे देश से माफी मांगें
वोट चोरी और एसआईआर (SIR) को लेकर कांग्रेस के देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने आक्रामक रुख अपना लिया है। बरेली में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में बरेली के मेयर डॉ. उमेश गौतम ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को लगातार कटघरे में खड़ा करना देशद्रोह की तरफ बढ़ने जैसा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अपनी हरकतों के लिए पूरे देश और चुनाव आयोग से बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए। विपक्ष झूठ की तश्तरी लेकर बैठा, जनता चुनाव में देती है जवाब मेयर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि विपक्ष का एकमात्र काम जनता के बीच भ्रम और झूठ फैलाना रह गया है। उन्होंने कहा, "कांग्रेस के राजकुमार की फितरत है कि जब चुनाव जीतते हैं तो सब ठीक रहता है, लेकिन जैसे ही जनता उन्हें नकारती है, वे ईवीएम और संवैधानिक संस्थाओं पर ठीकरा फोड़ना शुरू कर देते हैं। जनता इनकी बातों को एक सिरे से खारिज कर चुकी है और आने वाले चुनावों में भी वोट की चोट से इसका माकूल जवाब देगी।" अखबार की रिपोर्ट पर उठाए सवाल, बोले- कहां है असहमति का पत्र? महापौर ने मीडिया में चल रही खबरों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस अखबार की रिपोर्ट के आधार पर चुनाव आयुक्तों के बीच मतभेद का दावा किया जा रहा है, वह पूरी तरह तथ्यहीन है। उन्होंने चुनौती दी कि अगर ऐसा कोई पत्र या दस्तावेज मौजूद है, तो कांग्रेस या संबंधित पक्ष उसे जनता के सामने सार्वजनिक करे। मेयर ने स्पष्ट किया कि 26 तारीख को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्तों ने संयुक्त रूप से यह साफ कर दिया है कि एसआईआर और फॉर्म-6 को लेकर सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं। संविधान की प्रति लेकर कसम खाएं और गलती स्वीकारें डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि राहुल गांधी पहले भी सर्जिकल स्ट्राइक और सुप्रीम कोर्ट पर सवाल खड़े कर चुके हैं, जिसके बाद उन्हें कोर्ट में माफी तक मांगनी पड़ी थी। अब आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे चुनाव आयोग की साख पर हमला कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हाथ में संविधान लेकर चलने का दिखावा बंद करें और उसी संविधान की कसम खाकर देश से माफी मांगें कि आगे से ऐसी गैर-जिम्मेदाराना हरकतें नहीं करेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में तीनों जिलाध्यक्ष रहे मौजूद इस संयुक्त प्रेस वार्ता में मेयर डॉ. उमेश गौतम के साथ बरेली जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना और आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। सभी भाजपा नेताओं ने एक सुर में चुनाव आयोग की निष्पक्षता का समर्थन किया और कांग्रेस के विरोध प्रदर्शनों को हताशा में उठाया गया कदम करार दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User