नोएडा के 5 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी:ई मेल की हो रही जांच, चेकिंग में कुछ नहीं निकला, पहले भी आ चुके मेल
नोएडा के पांच स्कूलों को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला। ई-मेल सुबह करीब सवा 9 बजे आया। इसमें फॉर्च्यून वर्ल्ड, एमिटी, खेतान और बाल भारती समेत पांच स्कूलों में धमाका करने की धमकी दी गई थी। स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉयड स्कूलों में पहुंचे। एहतियात के तौर पर स्कूलों में मौजूद बच्चों को इमारतों से बाहर निकालकर खुले और सुरक्षित स्थानों पर एकत्र किया गया। जांच पूरी होने तक विद्यार्थी वहीं रहे। शिक्षक और स्कूल स्टाफ भी पुलिस टीम के निर्देश पर सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करते रहे। कक्षाओं से लेकर स्टोर रूम तक जांच पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने स्कूल परिसर के अलग-अलग हिस्सों की बारीकी से जांच की। टीम ने कक्षाओं, स्टाफ रूम, प्रयोगशालाओं, गलियारों, सीढ़ियों, शौचालयों और स्टोर रूम समेत अन्य संवेदनशील स्थानों को चेक किया। स्कूल की इमारत के अंदर और बाहर रखे सामान की भी जांच की गई। परिसर में खड़े वाहनों और आसपास के हिस्सों को भी देखा गया। डॉग स्क्वॉयड की मदद से संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की गई। कई घंटे चली जांच, कुछ संदिग्ध नहीं मिला कई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस और सुरक्षा टीमों को स्कूल परिसरों से कोई बम या अन्य संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जांच के बाद पुलिस ने धमकी को अफवाह बताया। इसके बाद स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थिति सामान्य की गई। ई-मेल भेजने वाले की तलाश धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले की तलाश में पुलिस की साइबर टीम जुट गई है। टीम ई-मेल के तकनीकी विवरण की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ई-मेल किस माध्यम से भेजा गया और इसे भेजने के पीछे कौन व्यक्ति है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सभी सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए स्कूलों की जांच कराई गई है। तलाशी के दौरान किसी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)