नवजात को धान के खेत में छोड़ा,मां और नानी गिरफ्तार:PRV जवानों ने धान के बीच से निकालकर बचाई जान, रिश्तेदार की तलाश
बलरामपुर के श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र में धान के खेत में जिंदगी और मौत के बीच मिली नवजात बच्ची के मामले में पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, लोक-लाज के डर से बच्ची को मरने के लिए सुनसान खेत में छोड़ दिया गया था। मामले में बच्ची की 22 वर्षीय मां और 48 वर्षीय नानी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस घटना में कथित रूप से शामिल रिश्तेदार साजन, जिसे बच्ची का बहनोई बताया जा रहा है, की तलाश कर रही है। एसपी ने शुक्रवार दोपहर 2:30 बजे बताया कि घटना 17 सितंबर की सुबह करीब 5:25 बजे की है। ग्राम किठुरा के धान के खेत में सफेद कपड़े में लिपटी करीब एक दिन की नवजात बच्ची पड़ी मिली थी। उसकी हालत बेहद खराब थी और मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था। धान के बीच से निकालकर अस्पताल पहुंचाया नवजात के खेत में पड़े होने की सूचना मिलते ही PRV-5455 मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, कमांडर कांस्टेबल सुशान्त तिवारी और पायलट होमगार्ड विजय सिंह ने बिना देर किए धान के खेत से बच्ची को बाहर निकाला। इसके बाद उसे सरकारी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया। संयुक्त चिकित्सालय बलरामपुर के महिला प्रसव वार्ड में बच्ची का उपचार कराया गया। समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई। वर्तमान में बच्ची की हालत ठीक बताई जा रही है। मामले में ग्राम चौकीदार राममिलन पुत्र रामदास की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। तहरीर के मुताबिक, गांव की एक युवती कुछ समय से गर्भवती थी और करीब एक-दो महीने से गांव में नहीं रह रही थी। 16 सितंबर की रात कुछ ग्रामीणों ने युवती और उसकी मां को नवजात के साथ घर जाते देखा था। ग्रामीणों के पूछने पर दोनों ने बच्चे के बारे में कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद युवती गर्भवती नजर नहीं आई और उसके घर में भी कोई नवजात बच्चा नहीं मिला। इसी आधार पर ग्रामीणों को आशंका हुई कि धान के खेत में मिली बच्ची उसी युवती की है। पूछताछ में मां और नानी ने कबूलने की बात पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद दोनों महिलाओं को पूछताछ के लिए बुलाया गया। शुरुआत में दोनों टालमटोल करती रहीं। पुलिस का दावा है कि कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने घटना स्वीकार कर ली। पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया कि लोक-लाज के डर से नवजात को खेत में मरने के लिए छोड़ दिया गया था। पुलिस के मुताबिक, युवती का अपने ही रिश्तेदार से संबंध था। इसी घटनाक्रम में रिश्तेदार साजन की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम तलाश कर रही है। मां और नानी न्यायिक अभिरक्षा में भेजी गईं पुलिस ने नवजात की मां उम्र करीब 22 वर्ष और नानी उम्र करीब 48 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। कार्रवाई थानाध्यक्ष अविरल शुक्ल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामधारी दिनकर, उपनिरीक्षक आदित्य कुमार, महिला कांस्टेबल आरती सिंह, पुष्पा देवी और शिवांगी मौर्या की टीम ने की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)