नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में गूंजे जयकारे:घर-घर विधि-विधान से हुई कलश स्थापना, देवी मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़
मऊ में शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को मऊ जिले के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मां शैलपुत्री के दर्शन-पूजन के लिए भक्त मंदिरों में पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने मां को चुनरी, नारियल और प्रसाद अर्पित कर सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की। वहीं, घरों में विधि-विधान से कलश स्थापना कर भक्तों ने नौ दिनों तक चलने वाले व्रत का संकल्प लिया। नवरात्र के आगमन से नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक भक्तिमय माहौल बना हुआ है। जिले के प्रसिद्ध माता पोखरा स्थित शीतला माता धाम में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। प्राचीन मान्यता और धार्मिक आस्था के केंद्र इस मंदिर में मऊ के अलावा पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। भक्तों की मान्यता है कि शीतला माता के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई मन्नत पूरी होती है। नवरात्र को लेकर मंदिर परिसर में विशेष सजावट की गई है और दर्शन के लिए भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला।इसी तरह कहिनौर स्थित वनदेवी धाम में भी श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके अलावा आजमगढ़ मोड़, रोडवेज और फातिमा तिराहा स्थित दुर्गा मंदिरों में भी भक्तों की भीड़ रही। ग्रामीण क्षेत्रों में खुरहट के सीरियापुर स्थित देई मां मंदिर, कोपागंज दुर्गा मंदिर, मांदी सिपाह स्थित कोयल मर्याद भवानी माई मंदिर और मधुबन क्षेत्र के निधियांव स्थित अष्टभुजी मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजन-अर्चन किया।
नवरात्र के पहले दिन जिले के प्रमुख देवी मंदिरों में श्री दुर्गा सप्तशती का पाठ शुरू हुआ। मंदिर परिसर मां के जयकारों और वैदिक मंत्रों के उच्चारण से गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-शांति, खुशहाली और आरोग्य की कामना की। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिससे धार्मिक स्थलों पर उत्सव जैसा माहौल नजर आया। मंदिरों में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था और गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि नवरात्र का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)