नवरात्र से पहले सड़कें ठीक कराएं,नहीं तो निलंबन की कार्रवाई:मंडलायुक्त ने विंध्याचल के मुख्य मार्गों की तत्काल मरम्मत कराने के दिए निर्देश
मिर्जापुर में शारदीय नवरात्र मेले से पहले जिले की सड़कों को दुरुस्त कराने को लेकर मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने कार्यदायी एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बारिश का मौसम अब खत्म हो रहा है, इसलिए लोक निर्माण विभाग, एनएच, जल निगम और नगर निकाय युद्धस्तर पर सड़कों की मरम्मत कराएं। नवरात्र से पहले सड़कों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित संस्था के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। विंध्याचल आने वाले श्रद्धालुओं के मार्ग तुरंत ठीक कराने के निर्देश मंडलायुक्त ने शुक्रवार को आयुक्त कार्यालय सभागार से जूम के जरिए मंडलीय विकास कार्य, कानून व्यवस्था और लंबित परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में डीआईजी पूनम के साथ तीनों जिलों के डीएम, एसपी, सीडीओ और संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए। समीक्षा के दौरान मिर्जापुर की खराब सड़कों पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने नगर क्षेत्र और विंध्याचल आने वाले श्रद्धालुओं के प्रमुख मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। नवरात्र तक सड़क नहीं खोदने के निर्देश जल निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि नवरात्र मेले तक अब किसी नई सड़क की खुदाई न की जाए। पहले से खोदी गई सड़कों और गड्ढों को भरकर उनकी मरम्मत तत्काल पूरी कराई जाए, ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। भरूहना-विंध्याचल मार्ग की हालत पर नाराजगी एनएच की समीक्षा के दौरान भरूहना चौराहे से विंध्याचल-अष्टभुजा मार्ग की खराब हालत का मामला भी सामने आया। डीएम पवन कुमार गंगवार ने बताया कि संबंधित कांट्रैक्टर को कई बार सड़क ठीक कराने के निर्देश दिए गए, लेकिन इसके बावजूद मरम्मत नहीं कराई गई। उसके खिलाफ ब्लैकलिस्ट करने की सिफारिश संबंधित विभाग को भेजी गई है। मंडलायुक्त ने एनएच के प्रोजेक्ट मैनेजर को नए कांट्रैक्टर की सिफारिश कर सड़क की मरम्मत जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। तीन जिलों में 42 परियोजनाएं अधूरी समीक्षा में मिर्जापुर की 21, सोनभद्र की 8 और भदोही की 13 परियोजनाएं अधूरी मिलीं। मंडलायुक्त ने वन भूमि से जुड़ी परियोजनाओं में एनओसी मिलने के बाद तत्काल काम शुरू कराने को कहा। उन्होंने सभी लंबित परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। रात में ट्रकों के जाम पर कार्ययोजना बनाने को कहा कानून व्यवस्था की समीक्षा में चील्ह चौराहा और सोनभद्र मार्ग पर रात के समय ट्रकों के कारण लगने वाले जाम का मुद्दा भी उठा। मंडलायुक्त ने इसके समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार करने और भारी वाहनों को हाईवे से डायवर्ट करने के निर्देश दिए। त्योहारों को देखते हुए उन्होंने थानों और जिला स्तर पर पीस कमेटी की बैठकें कराने तथा विसर्जन स्थलों पर जरूरी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)