पैदल घूमिए तब पता चलेगा ‘स्पेन’ है या ‘ब्राजील’:गोरखपुर में अजय राय ने रवि किशन पर साधा निशाना
गोरखपुर में गुरुवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पहुंचे। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सदर सांसद रवि किशन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि- सांसद रवि किशन को शहर स्पेन जैसा दिखाई देता है, रवि किशन बोलते हैं कि बाकि लोग अंधे हैं..…तो मैं क्या करूं?.…अजय राय ने कहा कि- रवि किशन को आम लोगों की परेशानी दिखाई नहीं देती। CM और सांसद पर जमकर बोले हमला उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सांसद रवि किशन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गोरखपुर की सड़कों पर पैदल घूमना चाहिए। तब उन्हें शहर की जमीनी हकीकत दिखाई देगी और जवाब मिल जाएगा कि गोरखपुर स्पेन है या ब्राजील। अजय राय ने आरोप लगाया कि विकास के दावों के बावजूद शहर में जलभराव जैसी बुनियादी समस्याएं बनी हुई हैं। उन्होंने राजघाट के गुंबद हादसे में दो अधिवक्ताओं की मौत और श्मशान घाट के निर्माण में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उठाया। इन मामलों में वह पहले भी जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर चुके हैं। अजय राय ने कहा कि उनके पहुंचने से कुछ देर पहले ही नाली की सफाई कराई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि जब मुख्यमंत्री अपने ही जिले की समस्याओं का समाधान नहीं कर पा रहे हैं तो प्रदेश की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। इस दौरान उन्होंने सरकार पर भी निशाना साधा। मौके पर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी अभिषेक दत्त भी मौजूद रहे। संध्या यादव से मिले अजय राय अजय राय गुरुवार को गोरखपुर के बेतियाहाता पहुंचे, जहां उन्होंने भारी बारिश और जलभराव से प्रभावित ब्यूटी पार्लर संचालिका संध्या यादव से मुलाकात की। उन्होंने करीब पांच मिनट तक संध्या से बातचीत कर बारिश से हुए आर्थिक नुकसान की जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि कांग्रेस उनके साथ खड़ी है। 26 सितंबर को हुई भारी बारिश के बाद संध्या के किराए के मकान और ब्यूटी पार्लर में करीब तीन फीट तक पानी भर गया था। इससे पार्लर का सामान और घरेलू सामग्री खराब हो गई। संध्या ने बताया कि पार्लर शुरू करने के लिए उन्होंने अपना जेवर गिरवी रखकर बैंक से 2.50 लाख रुपये और परिचितों से 6 लाख रुपये ब्याज पर कर्ज लिया था। बारिश से हुए नुकसान के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर अपनी परेशानी साझा की थी। कांग्रेस नेताओं ने इसी वीडियो का संज्ञान लेते हुए उनसे मुलाकात की। मांग पूरी नहीं हुई तो करेंगे विरोध ब्यूटी पार्लर चलाने वाली संध्या यादव से मिलने के बाद उन्होंने सरकार से अपनी मांग रखी। अजय राय ने कहा कि- यहां के जितने भी दुकानदारों का नुकसान हुआ है उसका तत्काल भुगतान हो। इसके साथ ही यहां के जिम्मेदार अधिकारी पर कार्रवाई होनी चाहिए। यहां के सांसद को माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि-अगर सरकार नहीं सुनेगी तो हम इसका विरोध और बड़े स्तर पर करेंगे। जानिए पूरा मामला… संध्या ने लोन लेकर पार्लर शुरू किया था, लेकिन 26 सितंबर की बारिश का पानी भरने से उनका काफी सामान खराब हो गया। संध्या ने रोते हुए अपना दर्द सोशल मीडिया पर शेयर किया था। उन्होंने बताया था कि दुकान में पानी भरने के बाद मदद के लिए 112 पर फोन किया था। बाद में स्थानीय पार्षद की मदद से दुकान से पानी निकलवाया गया। 8.50 लाख रुपये का लिया था कर्ज संध्या यादव ने करीब दो महीने पहले किराए के मकान में राधिका मेकओवर एकेडमी के नाम से पार्लर शुरू किया था। इसके लिए उन्होंने यूपी बड़ौदा बैंक से 2.50 लाख और परिचितों से 6 लाख रुपये उधार लिए थे। भारी बारिश के बाद दुकान में पानी भर गया। पार्लर का सामान डूबने से उन्हें काफी नुकसान हुआ। स्थानीय पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी की मदद से नगर निगम की टीम ने पानी निकलवाया था। मऊ भी जाएंगे अजय राय संध्या से मुलाकात के बाद अजय राय मऊ जाएंगे। वहां डोमनपुरा इस्लामाबाद में जलभराव के दौरान करंट की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हुई थी। वह मृतकों के परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त करेंगे। दोपहर एक बजे वह मधुबन विधानसभा क्षेत्र के अमिला स्थित गोफा ग्राउंड में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर शहीद राजा जयलाल सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद अजय राय गोरखपुर लौटेंगे। शाम 7 बजे विमान से दिल्ली रवाना होंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)