PDA ने 7000 वर्गमीटर की अवैध प्लाटिंग पर चलाया बुलडोजर:प्रयागराज के फाफामऊ के पडिला महादेव मंदिर के पास हुई कार्रवाई
प्रयागराज में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने फाफामऊ क्षेत्र में करीब 7000 वर्गमीटर जमीन पर की गई अवैध प्लाटिंग को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई जोन-6 के अंतर्गत पडिला महादेव मंदिर के पूरब काली रोड के बगल की गई। कार्रवाई के दौरान मौके पर पीडीए की प्रवर्तन टीम मौजूद रही। पीडीए के अनुसार, गंगा राम वर्मा और अन्य लोगों की ओर से थाना थरवई क्षेत्र में करीब 7000 वर्गमीटर जमीन पर अवैध रूप से प्लाटिंग की गई थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद प्राधिकरण ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। गुरुवार को जोनल अधिकारी गौरव कुमार मल्ल के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता, सुपरवाइजर सोनू कुमार राजभर और पीडीए की प्रवर्तन टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे। प्राधिकरण की ओर से स्पष्ट किया गया कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में बिना अनुमति प्लाटिंग और अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। बिना नक्शा पास कराए न करें प्लाटिंग पीडीए ने निर्माणकर्ताओं और जमीन की प्लाटिंग करने वालों को निर्देश दिया है कि प्राधिकरण क्षेत्र में विकास कार्य शुरू करने से पहले तलपट मानचित्र स्वीकृत कराना अनिवार्य है। बिना मानचित्र स्वीकृत कराए प्लाटिंग करने पर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही प्राधिकरण ने आम लोगों से भी अपील की है कि जमीन खरीदने से पहले कॉलोनी और भूखंड की वैधता की जांच जरूर करें। अवैध कॉलोनियों के साथ मेला क्षेत्र और बाढ़ प्रभावित इलाकों में भी भूखंडों की खरीद-बिक्री से बचें। पीडीए का कहना है कि अवैध प्लाटिंग के जरिए लोगों को ठगी से बचाने और नियोजित विकास सुनिश्चित करने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)