PDA ने 'पहले आओ-पहले पाओ' योजना शुरू की:465 खाली फ्लैट उपलब्ध, लॉटरी का सिस्टम खत्म, कर्मचारी किस्त पर ले सकेंगे
प्रयागराज शहर में अपना मनपसंद फ्लैट खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। अब फ्लैट लेने के लिए लॉटरी का इंतजार नहीं करना होगा। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) ने शुक्रवार से फ्लैट आवंटन के लिए ‘पहले आओ-पहले पाओ’ (FCFS) व्यवस्था ऑनलाइन शुरू कर दी है। इसके तहत लोग अपनी पसंद के हिसाब से उपलब्ध फ्लैट का चयन कर सकेंगे। PDA की छह आवासीय योजनाओं में फिलहाल 465 खाली फ्लैट ऑनलाइन बिक्री के लिए उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें जाह्नवी अपार्टमेंट, जागृति विहार, मौसम विहार, मानस विहार, यमुना विहार और वसुधा विहार शामिल हैं। नई व्यवस्था में आवेदक अपनी जरूरत के हिसाब से फ्लैट चुन सकता है। वह कार्यस्थल की दूरी, परिवार की जरूरत और पसंदीदा फ्लोर को ध्यान में रखकर उपलब्ध फ्लैट का चयन कर सकेगा। परिवार के लोग या दोस्तों का समूह भी एक ही बिल्डिंग या आसपास के फ्लोर पर फ्लैट ले सकता है। कर्मचारियों को भी सुविधा PDA ने सरकारी और अर्धसरकारी कर्मचारियों के लिए किस्त में भुगतान की सुविधा दी है। किराये के मकान में रहने वाले कर्मचारी 25 प्रतिशत राशि एकमुश्त जमा कर फ्लैट पर कब्जा ले सकेंगे। बाकी रकम अधिकतम सात साल की मासिक किस्तों में जमा करनी होगी। सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए 50 प्रतिशत एकमुश्त भुगतान के बाद पांच साल में शेष राशि जमा करने का प्रावधान है। जल्दी भुगतान पर छूट फ्लैट की पूरी रकम जल्दी जमा करने पर भी छूट मिलेगी। आवंटन पत्र जारी होने के 45 दिन के अंदर पूरा भुगतान करने पर 6 प्रतिशत, 60 दिन में 5 प्रतिशत और 90 दिन में भुगतान करने पर 4 प्रतिशत छूट दी जाएगी। बल्क में फ्लैट खरीदने वाली संस्थाओं और कंपनियों को भी 5 से 15 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान है। इच्छुक लोग PDA की वेबसाइट और जनहित पोर्टल पर उपलब्ध FCFS लिंक से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। फ्लैट का आवंटन ‘जहां है, जैसा है’ के आधार पर होगा। खरीद से पहले आवेदक संबंधित योजना में जाकर मॉडल फ्लैट और परिसर का निरीक्षण भी कर सकेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)