रमाडा होटल का किचन का लाइसेंस निलंबित:रमाडा समेत 34 प्रतिष्ठानों में हुई थी फूड सेफ्टी ऑडिट; किचन में सफाई और खाद्य सामग्री की जांच
बरेली में नामचीन होटल के किचन की सफाई और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं। सिविल लाइंस स्थित होटल रमाडा के किचन का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। खास बात यह है कि कार्रवाई से एक दिन पहले ही होटल प्रबंधन ने खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और गुणवत्ता के मानकों पर ए प्लस ग्रेड मिलने का दावा किया था। इसके अगले ही दिन लाइसेंस निलंबित होने से यह दावा चर्चा में आ गया है। किचन में मिलीं खामियां
खाद्य सुरक्षा विभाग के अभियान के तहत शहर के होटल और रेस्टोरेंट की जांच की गई थी। टीम ने किचन में सफाई, खाद्य पदार्थों के भंडारण, गुणवत्ता, जलनिकासी और कीट नियंत्रण की व्यवस्था देखी। निरीक्षण में रमाडा होटल के किचन में मानकों की अनदेखी सामने आने पर लाइसेंस निलंबित किया गया। कॉकरोच और एक्सपायर्ड सामग्री भी मिली
जांच के दौरान स्टेशन रोड स्थित कृष्णा भोजनालय के किचन में कॉकरोच और एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मिलने की बात सामने आई। यहां भी खाद्य लाइसेंस निलंबित किया गया है। विभाग ने दोनों प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई मानकों का पालन नहीं होने के आधार पर की है। 34 प्रतिष्ठानों का हुआ ऑडिट
शासन के निर्देश पर बरेली समेत अलग-अलग जिलों में होटल और रेस्टोरेंट की औचक जांच कराई गई थी। बरेली में टीमों ने 34 प्रतिष्ठानों का ऑडिट किया। इसमें किचन की स्वच्छता के साथ खाद्य पदार्थों के रखरखाव, जलनिकासी, कीट नियंत्रण और वेज-नॉनवेज खाद्य सामग्री को अलग रखने की व्यवस्था देखी गई। दावे और कार्रवाई के बीच उठा सवाल
रमाडा होटल की ओर से ऑडिट के बाद ए प्लस ग्रेड मिलने का दावा किया गया था। हालांकि, इसके करीब 24 घंटे के भीतर ही किचन का लाइसेंस निलंबित हो गया। ऐसे में खाद्य सुरक्षा मानकों के निरीक्षण और ग्रेडिंग को लेकर सवाल उठ रहे हैं। विभाग का कहना है कि निरीक्षण में मानक पूरे नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई है। मानक पूरे होने तक निलंबन
सहायक खाद्य आयुक्त संदीप चौरसिया ने बताया कि दोनों प्रतिष्ठानों के लाइसेंस मानकों की अनदेखी मिलने पर निलंबित किए गए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम दूसरे जिले के निरीक्षण पर थी। विभाग के अनुसार संबंधित प्रतिष्ठानों को निर्धारित खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का पालन करना होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)