पडरौना में सेवा संकल्प अभियान:अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
पडरौना ब्लॉक कार्यालय परिसर में सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें राज्यसभा सांसद आरपीएन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं की सार्थकता तभी है, जब उनका लाभ समाज के सबसे जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से काम करना होगा। सांसद ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र लोगों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने और उन्हें लाभ दिलाने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों की है। उन्होंने कहा कि किसी पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। यहां ग्रामीणों को पेंशन, आवास, स्वास्थ्य, रोजगार समेत अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। लोगों ने अपनी समस्याएं और जरूरतें भी जनप्रतिनिधियों के सामने रखीं। सांसद ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि गांव के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना सामूहिक जिम्मेदारी है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ पात्र लाभार्थियों को सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, ब्लॉक के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी भी दी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)