फैजुल्लागंज में पानी घटा, गंदगी से बीमारियां बढ़ीं:उल्टी-दस्त और बुखार के मरीज बढ़े, लखनऊ में डेंगू के 16 नए केस
लखनऊ के फैजुल्लागंज में बाढ़ का पानी घटने लगा है, लेकिन गंदगी से लोगों की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। कई इलाकों में उल्टी-दस्त और वायरल बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं। मामा कॉलोनी, नया दाऊदनगर, कृष्णलोक नगर, मिल्लतनगर और श्याम विहार में सड़क से घरों तक कीचड़ और कचरा जमा है। बदबू के बीच रहना मुश्किल हो रहा है। संक्रमण के डर से कई परिवार अब भी घरों में लौटने से बच रहे हैं। वहीं, शुक्रवार को लखनऊ में डेंगू के 16 नए मरीज मिले। 130 घरों पर हुआ सर्वे स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित इलाकों में मरीजों की पहचान और इलाज के लिए टीमें लगाई हैं। शुक्रवार को नया दाऊदनगर, कृष्णलोक नगर, मिल्लतनगर और श्याम विहार में 130 घरों का सर्वे किया गया। टीम ने लोगों को जरूरी दवाएं, क्लोरीन की गोलियां और ओआरएस पैकेट बांटे। साथ ही साफ-सफाई और बीमारियों से बचाव के तरीके बताए। मोबाइल मेडिकल यूनिट ने 57 लोगों को दिया इलाज प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आसमा, आशा और एएनएम की टीम ने घर-घर जाकर लोगों की सेहत की जानकारी ली। नया दाऊदनगर में मोबाइल मेडिकल यूनिट ने 57 लोगों को चिकित्सा सुविधा दी। प्रभावित इलाके में 108 एंबुलेंस की 24 घंटे तैनाती की गई है। इंदिरानगर में डेंगू के 5 नए मरीज शुक्रवार को मिले 16 डेंगू मरीजों में इंदिरानगर के 5, अलीगंज के 4, टुड़ियागंज और चंदरनगर के 2-2, जबकि चिनहट, सिल्वर जुबली और इटौंजा के 1-1 मरीज शामिल हैं। कूलर और टायर में पानी जमा न होने दें स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने की अपील की है। कूलर का पानी हर सप्ताह बदलें। पानी की टंकियों और बर्तनों को ढककर रखें। पुराने टायर, कबाड़ और फूलदान में पानी जमा न होने दें। मच्छरों से बचने के लिए मच्छरदानी लगाएं और पूरी बांह के कपड़े पहनें। बुखार आने पर खुद से दवा लेने के बजाय डॉक्टर को दिखाएं। मौसमी बीमारियों से जुड़ी जानकारी और मदद के लिए CMO कार्यालय के कंट्रोल रूम नंबर 0522-2622080 पर संपर्क किया जा सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)