फार्मासिस्ट से मारपीट पर 5 कर्मचारी संगठन देंगे धरना:पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया, शाम तक कार्रवाई न होने पर आंदोलन

Sep 30, 2026 - 14:12
0
फार्मासिस्ट से मारपीट पर 5 कर्मचारी संगठन देंगे धरना:पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया, शाम तक कार्रवाई न होने पर आंदोलन
रामपुर में जिला अस्पताल में चीफ फार्मासिस्ट से मारपीट के मामले में बुधवार को पांच कर्मचारी संगठनों ने आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर धरने की चेतावनी दी। मंगलवार को हुई घटना के बाद बुधवार दोपहर तक पुलिस कार्रवाई का इंतजार रहा। जिला अस्पताल पीएमएस संगठन, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संगठन, नर्स संगठन, संविदा कर्मचारी संगठन और टेक्नीशियन संगठन ने कहा कि पुलिस अधिकारियों ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा दिया है। संगठनों ने स्पष्ट किया कि बुधवार शाम तक गिरफ्तारी नहीं हुई तो गुरुवार से डॉक्टर और कर्मचारी धरने पर बैठने को मजबूर होंगे। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष हरीश धौनी ने कहा कि बुधवार शाम तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो अगले दिन पांचों संगठनों के कर्मचारी और डॉक्टर धरने पर बैठने को विवश होंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया है। चीफ फार्मासिस्ट किशनपाल सिंह ने कहा कि पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को कार्रवाई के लिए दिनभर का समय दिया है। यदि शाम तक आरोपी की गिरफ्तारी हो जाती है तो धरना नहीं दिया जाएगा, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई तो अगले दिन से आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा, "हम लोग यहां लोगों की सेवा करने के लिए बैठे हैं, पिटने के लिए नहीं।" घटना से उन्हें अंदर तक आघात पहुंचा है और उन्होंने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। मामला मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे जिला अस्पताल की डिस्पेंसरी में दवा लेने को लेकर हुए विवाद से शुरू हुआ था। आरोप है कि एक अज्ञात युवक ने चीफ फार्मासिस्ट से मारपीट की और उनके कपड़े फाड़ दिए। बीच-बचाव करने पहुंचे सुरक्षा कर्मी मुमताज अहमद खां से भी गालीगलौज का आरोप लगा। आरोपी मौके से निकल गया था। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे नगर कोतवाली प्रभारी प्रदीप मलिक जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित फार्मासिस्ट से घटना की जानकारी ली, घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौजूद लोगों से पूछताछ की। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द कार्रवाई होगी। मंगलवार रात फार्मासिस्ट की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User