फर्जी प्रोफाइल और ऑनलाइन ठगी से कैसे बचें?:रेउना पुलिस ने महिलाओं-बालिकाओं को दिए सुरक्षा के टिप्स
कानपुर के रेऊना में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करने के लिए पुलिस की साइबर टीम और मिशन शक्ति टीम ने आजाद फार्मेसी कॉलेज, शाखा जनवारा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। मिशन शक्ति फेज-6 के प्रथम चरण के तहत आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं और छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए गए। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में मदद के लिए जारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर उनका इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को 1090, 1076, 1098, 112, 181, 101, 108 और 1930 हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता समझाई गई। पुलिस टीम ने बताया कि साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर बिना देरी किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। महिलाओं और बालिकाओं को यूपीसीओपी ऐप के माध्यम से मिलने वाली जनसुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सुरक्षित इस्तेमाल करने के तरीके बताए गए। टीम ने फर्जी प्रोफाइल, ऑनलाइन ठगी, साइबर उत्पीड़न और व्यक्तिगत जानकारी के दुरुपयोग से बचने के उपाय समझाए। इसके अलावा राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं और महिला सशक्तीकरण अभियान की जानकारी भी दी गई। अनजान लिंक खोलने से बचें थाना प्रभारी ने साइबर धोखाधड़ी से बचने के लिए अनजान लिंक नहीं खोलने, किसी के साथ ओटीपी साझा नहीं करने, मोबाइल में टू-स्टेप वेरिफिकेशन सक्रिय रखने और समय-समय पर पासवर्ड बदलने की सलाह दी। साइबर विशेषज्ञ रक्षित टंडन से संबंधित जागरूकता कार्यशाला के माध्यम से भी डिजिटल सुरक्षा और साइबर अपराधों की रोकथाम के महत्व पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने, उन्हें अधिकारों के प्रति जागरूक करने और डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करना रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)