फतेहपुर मेडिकल कॉलेज को यूपीसीडा की जमीन देने की मांग:युवा विकास समिति ने मुख्य सचिव को भेजा ज्ञापन
यूपी के फतेहपुर में जनहित एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे को लेकर युवा विकास समिति के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन को एक ज्ञापन सोमवार को करीब 11 बजे सौंपा है।ज्ञापन में फतेहपुर की बंद पड़ी कताई मिल की यूपीसीडा (UPSIDA) को हस्तांतरित भूमि के एक हिस्से को मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के विस्तार तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास के लिए उपलब्ध कराए जाने की मांग की गई है। प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेंद्र मिश्रा ने बताया कि शासनादेश संख्या 1/904635/2025(1790216)11 मार्च 2025 के माध्यम से प्रदेश की बंद पड़ी कताई मिलों की भूमि को औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के उद्देश्य से यूपीसीडा को हस्तांतरित किया गया है।इसमें लगभग 55.31 एकड़ भूमि भी शामिल है। समिति अध्यक्ष ज्ञानेन्द्र मिश्रा ने कहा कि कताई मिल की भूमि का एक महत्वपूर्ण हिस्सा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के ठीक निकट स्थित है।ऐसे में इस भूमि के औद्योगिक उपयोग से पहले सार्वजनिक स्वास्थ्य, पर्यावरण,मरीजों की सुरक्षा और मेडिकल कॉलेज के भविष्य के विस्तार की आवश्यकताओं का समग्र अध्ययन कराया जाना अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने मांग की कि कताई मिल की उपयुक्त भूमि को मेडिकल कॉलेज के विस्तार और चिकित्सा सुविधाओं के विकास के लिए हस्तांतरित करने की संभावनाओं पर शासन स्तर से गंभीरतापूर्वक विचार किया जाए। ज्ञापन में आगे कहा गया है कि मेडिकल कॉलेज में ICU, आपातकालीन एवं अन्य संवेदनशील चिकित्सा सुविधाएं संचालित होती हैं।अस्पताल के आसपास प्रस्तावित औद्योगिक गतिविधियों के संभावित प्रदूषण,यातायात प्रभाव और मरीजों की सुरक्षा का वैज्ञानिक परीक्षण कराया जाना चाहिए।भविष्य में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं,अस्पताल विस्तार,छात्रावास,नर्सिंग सुविधाओं, पार्किंग,ऑक्सीजन प्लांट और आपातकालीन सेवाओं के लिए अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता पड़ेगी। युवा विकास समिति ने स्पष्ट किया कि यह मांग औद्योगिक विकास के विरोध में नहीं है,बल्कि औद्योगिक विकास और सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के बीच एक उचित संतुलन स्थापित करने के उद्देश्य से की जा रही है।समिति ने मुख्य सचिव से मांग की है कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए उच्चस्तरीय जांच एवं समीक्षा कराई जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)