पं. छन्नूलाल मिश्र की पुण्यतिथि पर 3 हस्तियां होंगी सम्मानित:पद्मविभूषण की स्मृति में मिलेगा ‘संगीत-संत स्मृति अलंकरण’, कलाकार देंगे श्रद्धांजलि
मिर्जापुर में पद्मविभूषण ‘संगीत-संत’ पं. छन्नूलाल मिश्र की प्रथम पुण्यतिथि पर 2 अक्टूबर को शहर में संगीत और समाजसेवा को समर्पित समारोह आयोजित होगा। पं. छन्नूलाल मिश्र काशी संगीत न्यास वाराणसी एवं नम्र सेवा संस्थानम् के संयुक्त तत्वावधान में ‘संगीत-संत स्मृति अलंकरण समारोह एवं संगीत संध्या’ का आयोजन किया जाएगा। समारोह में संगीत और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले तीन व्यक्तित्वों को ‘संगीत-संत स्मृति अलंकरण’ से सम्मानित किया जाएगा। तबला वादन के क्षेत्र में योगदान के लिए पंचम राम, गायन एवं लोक संगीत के क्षेत्र में बद्री यादव और समाजसेवा एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान के लिए आशुतोष दुबे को सम्मानित किया जाएगा। सम्मान के साथ प्रत्येक को 5,100 रुपए की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। आयोजक प्रो. नम्रता मिश्रा ने बताया कि पं. छन्नूलाल मिश्र ने संगीत साधना के साथ समाज के प्रति भी अपनी जिम्मेदारियों को महत्व दिया। उनकी स्मृति को आगे बढ़ाने और संगीत व समाजसेवा के क्षेत्र में समर्पित लोगों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह अलंकरण शुरू किया गया है। अब यह सम्मान प्रत्येक वर्ष दिया जाएगा। पुण्यतिथि समारोह में कलाकार गायन, वादन और नृत्य की प्रस्तुतियों के माध्यम से पं. छन्नूलाल मिश्र को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। संगीत संध्या में उनकी संगीत साधना और योगदान को याद किया जाएगा। समारोह की मुख्य अतिथि माँ विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. शोभा गौड़ होंगी। कार्यक्रम की आयोजक एवं अध्यक्ष प्रो. नम्रता मिश्रा पं. छन्नूलाल मिश्र की पुत्री एवं शिष्या हैं। वह केबीपीजी कॉलेज, मिर्जापुर के संगीत विभाग में प्रोफेसर हैं। उन्होंने कहा कि पिता और गुरु की स्मृति में आयोजित यह कार्यक्रम उनके प्रति श्रद्धा का अवसर है। संगीत की परंपरा को आगे बढ़ाने और समाजसेवा से जुड़े लोगों को सम्मानित करने का यह प्रयास भविष्य में भी जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)