प्रतापगढ़ में कपड़े-कॉस्मेटिक शोरूम में लगी भीषण आग:50 लाख का सामान राख, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

Oct 02, 2026 - 08:47
0
प्रतापगढ़ में कपड़े-कॉस्मेटिक शोरूम में लगी भीषण आग:50 लाख का सामान राख, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रतापगढ़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित कपड़े के शोरूम में शुक्रवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। नगर कोतवाली क्षेत्र के पीडब्ल्यूडी चौराहे के पास स्थित शोरूम में सुबह करीब पांच बजे आग लगने की आशंका है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और शोरूम से काले धुएं का गुबार उठने लगा। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों और बगल में स्थित जिम सेंटर के संचालकों ने धुआं उठता देखा तो तत्काल आग की सूचना दी। दुकान के बोर्ड पर लिखे मोबाइल नंबर पर संपर्क कर संचालक शेषाद्री सिंह और रवि सिंह को भी जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही दोनों मौके पर पहुंचे और फायरब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। शोरूम के अंदर धुआं अधिक भर जाने के कारण दमकल कर्मियों ने ऑक्सीजन मास्क और अन्य सुरक्षा उपकरणों के साथ अंदर प्रवेश किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग की चपेट में आने से शोरूम में रखी महंगी साड़ियां, कपड़े, कॉस्मेटिक सामान और गल्ले में रखी नकदी जलने की बात सामने आई है। शोरूम संचालक अनुराग सिंह के अनुसार, आग से करीब 50 लाख रुपये के कपड़े और अन्य सामान जलकर राख हो गए। आग लगने की जानकारी पर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई, जिससे आसपास अफरा-तफरी का माहौल रहा। सहायक अग्निशमन अधिकारी राधेश्याम दुबे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। दमकल की तीन गाड़ियों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों और हुए नुकसान की जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User