प्रयागराज जंक्शन पर दो शराब तस्कर गिरफ्तार:80 हजार की 304 बोतल शराब बरामद, बिहार ले जाकर बेचने की थी तैयारी
प्रयागराज जंक्शन पर रेलवे पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जीआरपी ने दोनों के कब्जे से करीब 80 हजार रुपये कीमत की अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपी ट्रेनों के जरिए शराब बिहार ले जाकर वहां ऊंचे दामों में बेचते थे। कार्रवाई 29 सितंबर को प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 10 के बाहर सिविल लाइंस साइड स्थित एफओबी-1 के नीचे की गई। जीआरपी के मुताबिक स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया और ट्रेनों में चोरी-छिनैती की घटनाओं की रोकथाम के साथ अवैध तस्करी और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम को शराब तस्करी की सूचना मिली। क्षेत्राधिकारी रेलवे प्रयागराज अरुण कुमार पाठक के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक जीआरपी प्रयागराज अकलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह की टीम ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान करन कुमार उर्फ टीटू पुत्र मनोज कुमार पांडेय, निवासी फतुआ, जिला पटना, बिहार और अंकित कुमार पुत्र स्वर्गीय उमाशंकर गुप्ता, निवासी दीवान मोहल्ला, दुल्ली घाट, थाना खाजेकला, जिला पटना, बिहार के रूप में हुई। पुलिस ने करन कुमार के कब्जे से 288 बोतल आफ्टर डार्क ब्लू शराब बरामद की। प्रत्येक बोतल 180 मिलीलीटर की थी। वहीं अंकित कुमार के पास से 16 बोतल शराब मिली। इसमें 12 बोतल स्मिरनाफ मिंटी जामुन और चार बोतल मैजिक मोमेंट शामिल हैं। दोनों के कब्जे से बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 64.32 लीटर बताई गई है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये है। जीआरपी के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ट्रेनों के माध्यम से शराब की तस्करी कर उसे बिहार ले जाते थे और वहां ऊंचे दामों में बेचकर अवैध रूप से पैसा कमाते थे। मामले में जीआरपी प्रयागराज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 471/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)