अयोध्या में ‘प्रगति 50’ व्यवस्था लागू:केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की शुरुआत; शहर में सफाई और इस्तेमाल किए गए जल के प्रबंधन पर रहेगा फोकस
अयोध्या में स्वच्छता और ठोस कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए मंगलवार से ‘प्रगति 50’ पहल लागू हो गई। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इसकी शुरुआत की। अयोध्या धाम जोनल कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार शामिल हुए। स्वच्छता से लेकर इस्तेमाल किए गए पानी तक की व्यवस्था होगी मजबूत अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव ने बताया कि 26 सितंबर को प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई 51वीं प्रगति बैठक में 50वीं प्रगति बैठक के निर्णयों को लागू करने का फैसला लिया गया था। इसके तहत शहरी स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन और इस्तेमाल किए गए जल के बेहतर प्रबंधन को शामिल किया गया है। उत्तर प्रदेश में आगरा, लखनऊ, मथुरा-वृंदावन, प्रयागराज और वाराणसी के साथ अयोध्या को भी इस पहल में शामिल किया गया है। नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक इससे शहर की सफाई व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। जनसुनवाई में 24 मामले आए, 16 का मौके पर निस्तारण मंगलवार को नगर निगम में जनसुनवाई ‘संभव’ का आयोजन भी किया गया। इसमें 24 मामले आए। इनमें से 16 का मौके पर ही समाधान कराया गया। महापौर ने अधिकारियों को एक अक्टूबर से शुरू होने वाले विशेष स्वच्छता अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश दिए। महापौर ने बारिश के बाद मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका को देखते हुए नालियों में एंटी लार्वा का छिड़काव अभियान चलाने को कहा। पेयजल स्रोतों का क्लोरीनेशन कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने बरसात खत्म होने के बाद निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने निर्माण कार्य, जलभराव और पेड़ों की छंटाई से जुड़े मामलों में अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपीं। जनसुनवाई में पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं रखीं। अधिकारियों ने कई शिकायतों का मौके पर समाधान कराया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव, सुमित कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी गजेंद्र कुमार, महाप्रबंधक जलकर सौरभ श्रीवास्तव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरएम शुक्ल, सहायक अभियंता राजपति यादव और भारत वर्मा समेत नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)