प्रयागराज के नए संयुक्त शिक्षा निदेशक बने डॉ. ब्रजेश मिश्र:उन्होंने कार्यभार संभाला, पूर्व जेडी आरएन विश्वकर्मा को विदाई दी गई
प्रयागराज मंडल के नवनियुक्त संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) डॉ. ब्रजेश कुमार मिश्र ने बुधवार को कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि शिक्षकों और कर्मचारियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाएगा ताकि किसी को भी कार्यालय के बेवजह चक्कर न लगाने पड़े। कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर पूर्व जेडी आरएन विश्वकर्मा के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में पहुंचे शिक्षा विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षक संघ के नेताओं ने पूर्व जेडी आरएन विश्वकर्मा के कार्यकाल, उनकी कार्यशैली, सौम्य व्यवहार और सदैव सहायता के तत्पर रहने के स्वभाव की सराहना की। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के निवासी डॉ. ब्रजेश कुमार मिश्र 1998 बैच के वरिष्ठ पीईएस (PES) अधिकारी हैं। इससे पूर्व वह प्रयागराज व हरदोई में बीएसए और हरदोई, प्रतापगढ़, जौनपुर, बलिया में डीआईओएस के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में वह यूपी शिक्षा निदेशालय प्रयागराज में उप शिक्षा निदेशक (संस्कृत) के पद पर तैनात थे। नवनियुक्त जेडी डॉ. मिश्र को बधाई देने और पूर्व जेडी को विदाई देने वालों में डीआईओएस/डायट प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार राय, बीएसए अनिल कुमार, महावीर संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य सत्यव्रत मिश्र 'गौरव', यूपी माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) के संरक्षक डॉ. हरि प्रकाश यादव, उपाध्यक्ष उपेन्द्र वर्मा, जिलाध्यक्ष देवराज सिंह, सुरेन्द्र सिंह, लक्ष्मीनारायण सिंह, मिथिलेश मौर्य आदि मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)