प्रयागराज में 500 से ज्यादा सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण:मेयर ने बांटी सुरक्षा किट, प्रमाण पत्र देकर किया सम्मान

Sep 30, 2026 - 20:17
0
प्रयागराज में 500 से ज्यादा सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण:मेयर ने बांटी सुरक्षा किट, प्रमाण पत्र देकर किया सम्मान
प्रयागराज में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत बुधवार को नगर निगम प्रयागराज में सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। न्यू बिल्डिंग सभागार में हुए कार्यक्रम में 500 से अधिक सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। उन्हें सुरक्षा किट और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। इस दौरान दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम का लाइव वेबकास्ट सफाई मित्रों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने देखा। कार्यक्रम का उद्देश्य सफाई मित्रों और स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक कल्याण को बढ़ावा देना रहा। समारोह में सफाई मित्रों और उनके परिजनों के लिए स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग शिविर लगाया गया। मदनानी हॉस्पिटल से आए चिकित्सकों ने नेत्र परीक्षण, हड्डी रोग जांच और सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया। सफाई कार्य के दौरान सुरक्षा के लिए सफाई मित्रों को PPE किट, सुरक्षा उपकरण और सुरक्षात्मक गियर के इस्तेमाल की जानकारी दी गई। साथ ही सुरक्षा किट का वितरण भी किया गया। इसके अलावा सफाई मित्रों को नमस्ते आईडी कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड समेत विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र सफाई मित्रों को योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक प्रक्रिया भी बताई गई। कार्यक्रम में मेयर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने सफाई मित्रों को सुरक्षा किट और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सफाई मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान का ध्यान रखना सभी की जिम्मेदारी है। नगर निगम की ओर से उन्हें सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के साथ ही सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। समारोह में विनोद, राजेश, योगेश, अर्चना, विमला, गोविंद और सुनैना समेत अन्य सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् और स्वच्छता शपथ के साथ हुई। अंत में राष्ट्रगान हुआ। कार्यक्रम का संचालन मुख्य कर निर्धारण अधिकारी संजय ममगई ने किया। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, अपर नगर आयुक्त राजीव शुक्ला, सहायक नगर आयुक्त दीपशिखा पांडेय, स्वच्छता एवं खाद्य निरीक्षक दया सागर, वंदना, वीरेन्द्र विक्रम और अवधेश समेत नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User