प्रयागराज में 6 से 8 अक्टूबर तक श्रमिक स्वास्थ्य शिविर:एक ही जगह मिलेगी डॉक्टरी सलाह, जांच और योजनाओं का लाभ
प्रयागराज में 6, 7 और 8 अक्टूबर को तीन प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में तीन दिवसीय ‘श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर’ का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए संगम सभागार में हुई बैठक में डीएम मनीष कुमार वर्मा ने स्वास्थ्य और श्रम विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को तय समय में सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने की कड़ी हिदायत दी है। सहायक श्रमायुक्त को दिए गए निर्देशों के अनुसार, यह विशेष स्वास्थ्य शिविर जिले के तीन प्रमुख केंद्रों पर एक साथ आयोजित होगा। इसमें कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) अस्पताल परिसर, पीपीजीसीएल (PPGCL) परिसर, मेजा और इफको (IFFCO) परिसर, फूलपुर (गंगापार) में लगेगा। शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण, मुफ्त ओपीडी परामर्श और पैथोलॉजिकल जांचें की जाएंगी। गंभीर मरीजों को उच्च केंद्रों (Higher Centers) के लिए रेफरल की सुविधा दी जाएगी। श्रम विभाग के अधिकारी शिविर स्थल पर ही मौजूद रहेंगे, जहां नए श्रमिकों का त्वरित पंजीकरण (Registration) और पुराने कार्डों का नवीनीकरण (Renewal) किया जाएगा। मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही योजनाओं के तहत मिलने वाले आर्थिक व अन्य हितलाभ स्वीकृत किए जाएंगे। कार्यस्थल पर दुर्घटनाओं से बचाव और स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़े जरूरी टिप्स दिए जाएंगे। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने जिले के सभी पंजीकृत, गैर-पंजीकृत और निर्माण श्रमिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस नि:शुल्क शिविर का लाभ उठाएं। बैठक में सीडीओ हर्षिका सिंह समेत स्वास्थ्य, श्रम व अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)