प्रयागराज में ब्लैक फिल्म, हेलमेट और प्रेशर हॉर्न पर कार्रवाई:250 वाहनों के चालान काटे, पुलिस ने लोगों से नियम पालन की अपील की
प्रयागराज शहर में ट्रैफिक नियमों का पालन कराने के लिए मंगलवार को ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान कारों में ब्लैक फिल्म लगाने, प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने, बाइक सवारों के हेलमेट न पहनने, मोडिफाइड साइलेंसर लगाने और अन्य ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान करीब 250 कारों और बाइक के चालान किए गए। ट्रैफिक पुलिस ने यह अभियान शहर के प्रमुख चौराहों पर चलाया। सुभाष चौराहा, मिश्रा भवन चौराहा और सिविल लाइंस बस स्टैंड वाले चौराहे पर पुलिस की टीमें तैनात रहीं। टीमों ने वाहनों को रोककर उनके दस्तावेज और यातायात नियमों के पालन की जांच की। नियमों का उल्लंघन मिलने पर चालान किया गया। वहीं, कुछ वाहन चालकों को भविष्य में नियमों का पालन करने की चेतावनी देकर छोड़ा गया। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सिर्फ चालान करना नहीं, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना भी है। पुलिस ने लोगों से अपील की कि छोटे-छोटे नियमों का पालन करके हादसों और चालान दोनों से बचा जा सकता है। पुलिस ने खासतौर पर महिलाओं और उनके परिवार के सदस्यों से भी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। पुलिस का कहना है कि सड़क हादसा होने पर चोट महिला और पुरुष दोनों को लग सकती है। इसलिए कार चलाते समय सीट बेल्ट और बाइक या स्कूटी चलाते समय हेलमेट जरूर पहनना चाहिए। ट्रैफिक पुलिस ने प्रेशर हॉर्न को लेकर भी लोगों को जागरूक किया। पुलिस के मुताबिक तेज आवाज वाले हॉर्न से सड़क पर चलने वाले बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी होती है। ऐसे हॉर्न मरीजों के लिए भी परेशानी का कारण बन सकते हैं। इसलिए वाहनों में प्रेशर हॉर्न और नियमों के विपरीत किए गए मॉडिफिकेशन से बचने की अपील की गई। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क हादसों को रोकने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)