प्रयागराज में मोबाइल दिलाने के बहाने युवती से सामूहिक दुष्कर्म:कार में बैठाकर ले गए आरोपी, अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी

Sep 30, 2026 - 13:56
0
प्रयागराज में मोबाइल दिलाने के बहाने युवती से सामूहिक दुष्कर्म:कार में बैठाकर ले गए आरोपी, अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी
मऊआइमा थाना क्षेत्र के कल्यानपुर गांव से 19 वर्षीय इंटर पास युवती ने चार युवकों पर मोबाइल फोन दिलाने का झांसा देकर कार से ले जाने, बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) करने और अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने मऊआइमा थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। पीड़िता के अनुसार, उसकी जान-पहचान फोन पर एक युवक से थी। आरोपी युवक ने 23 अगस्त को उसे नया मोबाइल फोन दिलाने का लालच देकर मऊआइमा चौराहे पर बुलाया था। सुबह करीब 10 बजे जब युवती चौराहे पर पहुंची, तो वहां पहले से ही चार पहिया वाहन में चार युवक मौजूद थे। आरोप है कि चारों युवकों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया और मऊआइमा-कलंदरपुर मार्ग की ओर ले गए। कमरे में बंधक बनाकर हैवानियत, परिजनों को मारने की धमकी युवती का आरोप है कि आरोपी उसे एक सुनसान कमरे में ले गए, जहां चारों युवकों ने बारी-बारी से उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने इस हैवानियत का विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे, उसके पिता और भाई को जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों के इस खौफ और धमकियों के कारण डरी-सहमी पीड़िता ने लंबे समय तक इस घटना का जिक्र अपने परिवार वालों से भी नहीं किया। सहेली से वीडियो वायरल होने की मिली जानकारी घटना के कुछ समय बाद पीड़िता की सहेली ने उसे बताया कि उसका एक अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जब पीड़िता को पता चला कि आरोपियों ने दुष्कर्म के दौरान उसका वीडियो भी बना लिया था और उसका कुछ हिस्सा इंटरनेट पर पोस्ट कर दिया है, तो वह हिम्मत जुटाकर अकेले ही थाने पहुंची और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच और पुलिस की कार्रवाई पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में मांग की है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए निष्पक्ष जांच की जाए, दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर कठोरतम सजा दी जाए तथा इंटरनेट पर वायरल हो रहे वीडियो पर तत्काल रोक लगाकर कानूनी कार्रवाई की जाए। इस संबंध में मऊआइमा थाना के प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस पूरी गहराई से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर शीघ्र ही सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User