प्रयागराज में सीएम योगी-आदित्यनाथ ने दो जगहों के नाम बदले:तेलियरगंज चौराहा कहलाएगा मसुरियादीन चौराहा, कसारी-मसारी अब श्रीकृष्णपुरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को प्रयागराज में दो स्थानों के नाम बदलने की घोषणा की। माफिया अतीक अहमद के गढ़ के रूप में चर्चित कसारी-मसारी का नाम बदलकर श्रीकृष्णपुरी करने की घोषणा की गई। वहीं, शहर के प्रमुख तेलियरगंज चौराहे का नाम बदलकर महाशय मसुरियादीन चौराहा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने तेलियरगंज में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महाशय मसुरियादीन पासी की प्रतिमा का लोकार्पण करने के बाद चौराहे का नाम उनके नाम पर रखने की घोषणा की। आजादी की लड़ाई में मसुरियादीन का अहम योगदान तेलियरगंज स्थित प्रिंटिंग ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाशय मसुरियादीन पासी के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में मसुरियादीन पासी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देश के लिए अपने जीवन के नौ साल जेल में बिताए। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले अनेक सेनानियों को वह पहचान नहीं मिली, जिसके वे हकदार थे। उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू का जिक्र करते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई में केवल नेहरू ही जेल नहीं गए थे, बल्कि महाशय मसुरियादीन पासी जैसे सेनानियों ने भी देश की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष किया और जेल में समय बिताया। मंच पर मौजूद रहीं बेटी और पौत्र मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान मसुरियादीन पासी की पुत्री और पौत्र भी मंच पर मौजूद रहे। प्रतिमा के लोकार्पण के साथ ही चौराहे का नाम उनके नाम पर रखने की घोषणा को उनके योगदान और स्मृति को सम्मान देने के रूप में देखा जा रहा है। कसारी-मसारी का नाम होगा श्रीकृष्णपुरी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कसारी-मसारी का नाम बदलकर श्रीकृष्णपुरी करने की भी घोषणा की। कसारी-मसारी को माफिया अतीक अहमद के प्रभाव वाले इलाके के रूप में जाना जाता रहा है। मुख्यमंत्री की इस घोषणा के बाद शहर में दो स्थानों के नाम बदलने का मुद्दा चर्चा में आ गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)