पश्चिम बंगाल घटना के विरोध में ज्ञापन:संभल में सिटी मजिस्ट्रेट को दिया, निष्पक्ष जांच की मांग
संभल। पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के कार्यक्रम के दौरान संगठन के पदाधिकारियों के साथ कथित रूप से हुई घटना के विरोध में गुरुवार को संभल में विरोध जताया गया। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की जिला इकाई के पदाधिकारी शाम 5 बजे सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। संगठन ने घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने के साथ दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि कार्यक्रम में शामिल ग्राहक पंचायत के पदाधिकारियों के साथ अराजक तत्वों द्वारा कथित तौर पर की गई घटना गंभीर विषय है। ऐसी घटनाओं से आम नागरिकों में चिंता का वातावरण पैदा होता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाया जाए और पीड़ितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन में मांग की गई कि घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराकर जिम्मेदार लोगों की पहचान की जाए। दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही पीड़ितों एवं प्रभावित परिवारों को आवश्यक सुरक्षा और सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। समयबद्ध न्याय और सुरक्षा की मांग ग्राहक पंचायत ने कहा कि पीड़ितों को समयबद्ध तरीके से न्याय मिलना चाहिए। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही मामले में बिना किसी भेदभाव के कानून के अनुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की गई। ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष देवेंद्र वार्ष्णेय एडवोकेट, संरक्षक महावीर प्रसाद, महामंत्री अभिषेक अग्रवाल ‘सोनू’, प्रज्ञांश वार्ष्णेय, सोनू कुमार गुप्ता एडवोकेट, जगत आर्य, त्रिभुवन सर्राफ सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)