पति ने पत्नी की हत्या जला कर यमुना में फेंका:लापता की झूठी कहानी रची, हड्डियां और मोबाइल बरामद

Sep 30, 2026 - 20:49
0
पति ने पत्नी की हत्या जला कर यमुना में फेंका:लापता की झूठी कहानी रची, हड्डियां और मोबाइल बरामद
आगरा के अछनेरा के कुकथला गांव में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पति पर पत्नी की हत्या कर शव जलाने का आरोप है। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए अस्थियों को यमुना और नहर में बहा दिया। खुद ही थाने पहुंचकर पत्नी के लापता होने की कहानी गढ़ दी। पुलिस ने पति को हिरासत में लिया है। उसकी निशानदेही पर यमुना किनारे से हड्डियां और पत्नी का मोबाइल बरामद किया गया है। कुकथला निवासी लोकेंद्र पुत्र वीर बहादुर सिंह की शादी 2022 में अकबरा गांव की चांदनी से हुई थी। दोनों की दो साल की बेटी है। आरोप है कि मंगलवार को लोकेंद्र ने पत्नी की हत्या कर दी और घर के पीछे बाड़े में शव जला दिया। इसके बाद उसने चालाकी दिखाई। अपना मोबाइल बंद कर घर में रख दिया और पत्नी का मोबाइल सिकंदरा थाना क्षेत्र में फेंक दिया। फिर शाम को अछनेरा थाने पहुंचकर पत्नी के घर से लापता होने की तहरीर दे दी। उधर, मायके पक्ष के लोग भी थाने पहुंच गए। उन्होंने बेटी के गायब होने की शिकायत करते हुए पति और ससुराल पक्ष पर आरोप लगाए। बेटी दुकानों के बाहर खेलती मिली, घर से गायब था परिवार बुधवार सुबह पुलिस जांच करने कुकथला पहुंची तो घर पर कोई नहीं मिला। चांदनी की दो साल की बेटी दुकानों के बाहर खेलती हुई मिली। हालात संदिग्ध देख पुलिस का शक गहरा गया। सख्ती से पूछताछ में पूरा मामला खुल गया। लोकेंद्र ने हत्या और शव जलाने की बात कबूल कर ली। घटना कुकथला चौकी से महज 200 मीटर दूर हुई। पुलिस अब हत्या की वजह और इसमें किसी और की भूमिका की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User