PUBG से शुरू हुई लव-स्टोरी, बांग्लादेश से लखनऊ आया युवक:फर्जी आधार-पैन और वोटर ID बनवाकर रहा, बाजारखाला से गिरफ्तार

Oct 03, 2026 - 14:37
0
PUBG से शुरू हुई लव-स्टोरी, बांग्लादेश से लखनऊ आया युवक:फर्जी आधार-पैन और वोटर ID बनवाकर रहा, बाजारखाला से गिरफ्तार
लखनऊ के बाजारखाला में पुलिस ने बांग्लादेशी नागरिक मोहम्मद सज्जाद हुसैन (28) और फर्जी भारतीय दस्तावेज बनाने वाले जनसेवा केंद्र संचालक मोहम्मद तलहा (40) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सज्जाद वीजा की अवधि खत्म होने के बाद भी फर्जी आधार, पैन और वोटर आईडी के सहारे लखनऊ में रह रहा था। खास बात यह है कि सज्जाद की लखनऊ की एक महिला से प्रेम कहानी 2018 में PUBG गेम के दौरान शुरू हुई थी। दोनों ने 2023 में कोर्ट मैरिज की थी। पुलिस के मुताबिक, सज्जाद बांग्लादेश के चटग्राम का रहने वाला है। वह भदेवा स्थित नसीरुल्ला अपार्टमेंट में परिवार के साथ रह रहा था। मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बांग्लादेशी नागरिक वीजा खत्म होने के बाद भी लखनऊ में रह रहा है और उसने फर्जी भारतीय पहचान पत्र बनवा रखे हैं। सूचना पर बाजारखाला पुलिस ने गुलजारनगर चौकी के पास घेराबंदी कर रेलवे कॉलोनी ग्राउंड के पास उसे पकड़ लिया। 2018 में PUBG पर हुई थी महिला से दोस्ती पूछताछ में सज्जाद ने पुलिस को बताया कि 2018 में PUBG खेलने के दौरान उसकी पहचान लखनऊ की एक महिला से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और बाद में प्रेम संबंध हो गया। महिला से मिलने के लिए सज्जाद 18 अगस्त 2023 को बांग्लादेशी पासपोर्ट पर टूरिस्ट वीजा लेकर सऊदी अरब से लखनऊ आया था। इसके बाद 28 अगस्त 2023 को दोनों ने फैजाबाद में कोर्ट मैरिज कर ली। भारत में रहने और बैंक खाता खुलवाने के लिए सज्जाद को भारतीय पहचान पत्र की जरूरत थी। इसके लिए उसने भदेवा में जनसेवा केंद्र चलाने वाले मोहम्मद तलहा से संपर्क किया। 2900 रुपए लेकर बनाए फर्जी दस्तावेज पुलिस के मुताबिक, तलहा ने सज्जाद के लिए फर्जी निवास और जन्म प्रमाण पत्र तैयार किए। निवास प्रमाण पत्र पर 10 अगस्त 2023 की तारीख दर्ज थी, जबकि सज्जाद पहली बार 18 अगस्त 2023 को भारत आया था। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर उसका आधार कार्ड बनवाया गया। इसके बाद आधार के जरिए पैन कार्ड और वोटर आईडी भी तैयार कराई गई। पुलिस के अनुसार, इसके लिए सज्जाद ने तलहा की मां के खाते में QR कोड के जरिए 900 रुपए भेजे और 2 हजार रुपए नकद दिए। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सज्जाद ने कोटक महिंद्रा बैंक की नाका शाखा में खाता भी खुलवाया था। दो बांग्लादेशी पासपोर्ट समेत सामान बरामद पुलिस ने सज्जाद की निशानदेही पर तलहा को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से दो बांग्लादेशी पासपोर्ट, फर्जी आधार, पैन और वोटर आईडी, दो मोबाइल फोन, कंप्यूटर और फर्जी निवास व जन्म प्रमाण पत्र की रंगीन प्रतियां बरामद की गई हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम और विदेशी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। दोनों को जेल भेज दिया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User