पुरानी रंजिश में मूंगफली विक्रेता पर बांके से हमला:सीतापुर में 7-8 लोगों ने किया हमला, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
सीतापुर के लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर सोमवार देर रात करीब 10 बजे एक युवक पर दबंगों द्वारा बांके से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लहरपुर में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़ित के भाई ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, नगर के मोहल्ला शेख टोला निवासी सोनू पुत्र घनश्याम ने मंगलवार को कोतवाली पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका भाई पंकज (26) लहरपुर गेट के पास मूंगफली का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। सात-आठ लोग वहां पहुंचे आरोप है कि सोमवार की देर रात पंकज ठेला लगाए हुए था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर सात-आठ लोग वहां पहुंचे और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर दबंगों ने पंकज को घेर लिया और उसके साथ जमकर मारपीट के दौरान बांके से हमला कर दिया। हमले में पंकज के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया, जिसके बाद घायल पंकज को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लहरपुर ले जाया गया। सीएचसी में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन घायल को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पीड़ित के भाई सोनू ने पुरानी रंजिश को हमले की वजह बताया है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस द्वारा प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)