रामकोला में सफाई मित्र सम्मान:20 सफाई कर्मचारी सम्मानित, नगर पंचायत परिसर में लगा स्वास्थ्य मेला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चल रहे 'सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण' कार्यक्रम के तहत बुधवार को रामकोला नगर पंचायत परिसर में 'सफाई मित्र सम्मान समारोह' का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर की स्वच्छता व्यवस्था में उत्कृष्ट योगदान देने वाले करीब 20 सफाई कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र और फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सतीश चौधरी और अधिशासी अधिकारी संजय तिवारी ने जगदीश, जितेंद्र, उमेश व सुभाष सहित अन्य सफाई मित्रों को सम्मानित करते हुए उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि एक स्वच्छ और स्वस्थ नगर बनाने में सफाई कर्मचारियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। सम्मान पाकर सभी सफाई कर्मचारियों के चेहरे खिल उठे। समारोह के साथ ही परिसर में रामकोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम द्वारा एक स्वास्थ्य मेले का भी आयोजन किया गया। इसमें स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों का परीक्षण कर उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया और स्वच्छता के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इस दौरान सभासद प्रतिनिधि जनार्दन यादव, सुरेश यादव, सभासद दिलीप बैश, कृष्ण मुरारी, अखिलेश कश्यप, हर्ष कुमार गोड़ और दीपक गोविंद राव सहित नगर पंचायत के कई कर्मचारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)