रामनगर- डंपर से भिड़ी स्कॉर्पियो, नेशनल बास्केटबॉल खिलाड़ी की मौत:पत्नी गंभीर; 4 महीने पहले हुई थी शादी, नैनीताल घूमने निकले थे दंपति

Oct 02, 2026 - 11:44
0
रामनगर- डंपर से भिड़ी स्कॉर्पियो, नेशनल बास्केटबॉल खिलाड़ी की मौत:पत्नी गंभीर; 4 महीने पहले हुई थी शादी, नैनीताल घूमने निकले थे दंपति
नैनीताल के रामनगर में स्कॉर्पियो और 22 टायरा डंपर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें नेशनल बास्केटबॉल खिलाड़ी यतीश यादव (24) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी शीतल गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों की शादी 4 महीने पहले हुई थी। वे काशीपुर से रामनगर होते हुए नैनीताल घूमने जा रहे थे। हादसा 2 अक्टूबर की रात करीब 1:20 बजे रामनगर के पीरूमदारा में हुआ। गाजियाबाद निवासी यतीश पत्नी शीतल के साथ स्कॉर्पियो से नैनीताल जा रहे थे। पीरूमदारा के पास सामने से आ रहे हरियाणा के फरीदाबाद डंपर (HR 38 AC 4554) से उनकी गाड़ी की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। यतीश की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल शीतल को रामनगर संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें दिल्ली-एनसीआर रेफर किया गया। 4 पॉइंट में पूरी खबर… 1. 4 महीने पहले हुई थी शादी, नैनीताल घूमने जा रहा था दंपती-उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद (शाहपुर बमेठा) निवासी यतीश यादव (24) राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी थे और एक निजी स्कूल में शिक्षक थे। उनकी पत्नी डॉ. शीतल यादव पेशे से डॉक्टर हैं। दोनों की शादी महज 4 महीने पहले हुई थी। गुरुवार देर रात दंपति अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से काशीपुर-रामनगर होते हुए नैनीताल घूमने के लिए निकले थे। 2. गलत साइड से आए डंपर ने मारी टक्कर, पलटी स्कॉर्पियो- हादसा 2 अक्टूबर की रात करीब 1:20 से 1:45 बजे के बीच नेशनल हाईवे 309 पर रामनगर के पीरूमदारा के पास हुआ। यतीश के पिता सुरेश यादव के अनुसार, सामने से आ रहा उपखनिज से लदा 22 टायरा डंपर (HR 38 AC 4554) ओवरटेक करने के चक्कर में गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में आ गया। तेज रफ्तार डंपर ने सामने से स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई और दोनों पति-पत्नी गाड़ी के नीचे दब गए। 3. खिलाड़ी की मौके पर ही मौत, पत्नी को दिल्ली-एनसीआर रेफर किया- हादसे के बाद राहगीरों और सूचना पर पहुंची रामनगर कोतवाली पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को गाड़ी से बाहर निकाला। पुलिस दोनों को तत्काल रामनगर संयुक्त चिकित्सालय ले गई, जहां डॉक्टरों ने यतीश यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल पत्नी डॉ. शीतल को प्राथमिक इलाज के बाद देर रात ही दिल्ली-एनसीआर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। 4. पिता का गंभीर आरोप, पुलिस जांच में जुटी- हादसे की खबर मिलते ही परिजन रामनगर अस्पताल पहुंचे। यतीश के पिता ने डंपर चालक की लापरवाही को हादसे की वजह बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और दुर्घटनाग्रस्त डंपर व घटना की गहनता से जांच की जा रही है। हम इस खबर को लगातार अपडेट कर रहे हैं…

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User