रामपुर की 8 बेटियां ट्रायल देने मुरादाबाद के लिए रवाना:अंडर-18 वर्ग की खिलाड़ी अपने खर्चे से पहुंचीं, टिकट जमा करने पर मिलेगा किराया
शहीदे आजम स्टेडियम में हॉकी का अभ्यास करने वाली अंडर-18 वर्ग की आठ खिलाड़ी गुरुवार सुबह 8 बजे रामपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन से मुरादाबाद के लिए रवाना हुईं। मुरादाबाद के सोनकपुर स्टेडियम में सुबह 11 बजे मंडल स्तरीय हॉकी टीम के चयन के लिए ट्रायल होगा। इसमें रामपुर के अलावा बिजनौर, अमरोहा, संभल और मुरादाबाद की टीमें भी प्रतिभाग करेंगी। मंडल स्तरीय ट्रायल के लिए रामपुर से कशिश चौहान, रविश, रोशनी, माही, किरन, नविता, आंचल और खुशी का चयन हुआ है। जिला स्तर पर चयनित होने के बाद इन खिलाड़ियों को मंडल स्तरीय ट्रायल के लिए भेजा गया है। सभी खिलाड़ी पिछले कई दिनों से ट्रायल की तैयारी में जुटी थीं और नियमित अभ्यास कर रही थीं। कई खिलाड़ी फटे जूतों में करती हैं अभ्यास हॉकी कोच फरहत अली खान ने बताया कि शहीदे आजम स्टेडियम में इन खिलाड़ियों की नियमित प्रैक्टिस होती है। उन्होंने बताया कि सभी खिलाड़ी बेहद गरीब परिवारों से हैं और सीमित संसाधनों के बीच हॉकी की तैयारी कर आगे बढ़ रही हैं। कई खिलाड़ी फटे जूतों में भी अभ्यास करती हैं, लेकिन इसके बावजूद खेल के प्रति उनका उत्साह कम नहीं हुआ है। कोच ने कहा कि खिलाड़ियों ने मंडल स्तरीय ट्रायल के लिए काफी मेहनत की है। उम्मीद है कि बेटियां अच्छा प्रदर्शन कर अपने परिवार के साथ रामपुर का नाम भी रोशन करेंगी। पांच जिलों की खिलाड़ियों के बीच होगा ट्रायल खिलाड़ी रविश ने बताया कि वे मंडल स्तरीय हॉकी ट्रायल देने मुरादाबाद जा रही हैं। वहां मंडल के पांच जिलों की टीमों के बीच खिलाड़ियों का ट्रायल होगा। उन्होंने बताया कि सभी बहनों ने कई दिनों से इसके लिए तैयारी की है और उन्हें उम्मीद है कि टीम अच्छा प्रदर्शन करेगी। जिला क्रीड़ा अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि मंडल स्तरीय ट्रायल के लिए रामपुर से आठ हॉकी खिलाड़ियों का जिला स्तर पर चयन किया गया है। इसके बाद इन खिलाड़ियों को मुरादाबाद भेजा गया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने अच्छी तैयारी की है और उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। ट्रेन टिकट जमा करने पर मिलेगा किराये का भुगतान जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि जो खिलाड़ी अपने खर्चे से मुरादाबाद पहुंची हैं, वे अपना ट्रेन टिकट जिला क्रीड़ा कार्यालय में उपलब्ध करा सकती हैं। टिकट जमा करने के बाद उनके किराये का भुगतान कर दिया जाएगा। इससे खिलाड़ियों को मुरादाबाद आने-जाने में होने वाले खर्च की भरपाई हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)