रामपुर में किसान को तमंचा दिखाकर दो भैंसें चोरी:किसान को आधे घंटे तक पकड़े रहे आरोपी, 10 किमी तक तलाश

Sep 25, 2026 - 20:47
0
रामपुर में किसान को तमंचा दिखाकर दो भैंसें चोरी:किसान को आधे घंटे तक पकड़े रहे आरोपी, 10 किमी तक तलाश
रामपुर में बुधवार रात पशु चोरी का मामला सामने आया है। चार अज्ञात आरोपियों ने एक बुजुर्ग किसान को पकड़कर उसके सामने पशुशाला से दो भैंसें खोल लीं। आरोपियों ने किसान को शोर मचाने से रोकने के लिए तमंचा दिखाया और करीब आधे घंटे तक उसे पकड़े रखा। चोरी हुई दोनों भैंसों की कीमत किसान ने करीब ढाई लाख रुपए बताई है। इनमें एक भैंस गर्भवती है, जबकि दूसरी का छोटा बच्चा मां के बिना परेशान है। किसान अब बच्चे को दूध पिलाकर पालने की कोशिश कर रहा है। मामला टांडा थाना क्षेत्र के चक खरदिया गांव का है। किसान को पकड़कर भैंसें खोल ले गए आरोपी चक खरदिया निवासी मोहम्मद सईद ने बताया कि बुधवार रात करीब 12:40 बजे वह घर में सो रहे थे। इसी दौरान चार अज्ञात लोग वहां पहुंचे और उन्हें पकड़ लिया। दो आरोपी पशुशाला में गए और वहां बंधी दोनों भैंसें खोलने लगे, जबकि दो आरोपियों ने किसान को पकड़कर रखा। किसान के मुताबिक, एक आरोपी ने उनकी कनपटी पर तमंचा लगा दिया। आरोपियों ने उनके मुंह में चादर का हिस्सा ठूंस दिया और गला पकड़कर उन्हें शोर मचाने से रोक दिया। खेतों के रास्ते भैंसें लेकर फरार हुए किसान ने बताया कि दो आरोपी करीब ढाई लाख रुपए कीमत की दोनों भैंसों को खोलकर खेतों की तरफ ले गए। बाकी दो आरोपी उन्हें पशुशाला के पास पकड़े रहे। करीब आधे घंटे बाद वे भी वहां से फरार हो गए। वारदात के बाद किसान ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और टांडा थाना पुलिस को जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस ने भैंसों की तलाश शुरू कर दी। खेतों में 10 किलोमीटर तक पैरों के निशान तलाशे डायल 112 और थाना पुलिस ने खेतों में भैंसों के पैरों के निशान के आधार पर उनका पीछा किया। पुलिस टीम ने करीब 10 किलोमीटर तक खेतों में तलाश की, लेकिन पक्की सड़क आने के बाद पैरों के निशान नहीं मिले। इसके बाद भैंसों का पता नहीं चल सका। किसान ने गुरुवार शाम पुलिस को घटना की शिकायत दी। पुलिस बोली- तलाश जारी, अभी FIR दर्ज नहीं टांडा थाना प्रभारी बलबान सिंह ने शुक्रवार शाम 7 बजे बताया कि पुलिस टीमें चोरी हुई भैंसों की तलाश में लगी हैं। उन्होंने बताया कि अभी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस का प्रयास है कि मुकदमा दर्ज होने से पहले ही भैंसों का पता लगा लिया जाए। किसान के मुताबिक, गर्भवती भैंस के साथ दूसरी भैंस का छोटा बच्चा भी घर पर है। मां के नहीं होने से वह परेशान है। किसान उसे दूध पिलाकर पालने की कोशिश कर रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User