रास्ता रोककर महिला और बेटी को घेरकर पीटा:मैनपुरी में बच्चों के विवाद में मारपीट, एसपी से शिकायत
मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र के रौसिंगपुर गांव में खेत से घास लेकर घर लौट रही महिला और उसकी 16 वर्षीय बेटी को रास्ते में घेरकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। महिला ने गांव के ही कुछ लोगों पर लाठी-डंडों से मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने और कार्रवाई करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। रौसिंगपुर निवासी कुसमा पत्नी संतोष कुमार ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 27 सितंबर को गांव के ही प्रदीप कुमार, रतनलाल और घनश्याम कठेरिया के बच्चों के बीच खेलने को लेकर कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि इसी बात की रंजिश को लेकर उसी दिन दोपहर करीब 2:30 बजे जब कुसमा अपनी 16 वर्षीय बेटी सोनी के साथ खेतों से घास लेकर घर लौट रही थी, तभी आरोपी अपने घर के सामने रास्ते में मौजूद थे।
महिला का आरोप है कि जैसे ही वह और उसकी बेटी आरोपियों के घर के सामने से गुजरे, आरोपियों ने उन्हें रोक लिया और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में उसके हाथ और शरीर में चोटें आईं। आरोप है कि बचाव के लिए पहुंचे परिवार के लोगों के साथ भी अभद्रता की गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसे धमकी दी कि वह उनका कुछ नहीं बिगाड़ पाएगी और उनके खिलाफ शिकायत करने पर हरिजन एक्ट में मुकदमा दर्ज करा दिया जाएगा। साथ ही आरोप है कि ट्रक चालक के पास भारी वाहन चलाने का लाइसेंस होने की बात कहते हुए सड़क हादसे में जान से मरवाने की धमकी भी दी गई। कुसमा के मुताबिक घटना के बाद उसने उसी दिन शाम को थाना कुरावली पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। आरोप है कि पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच करने के बाद लौट गए, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। महिला का कहना है कि कार्रवाई न होने से आरोपियों के हौसले बढ़ गए हैं। पीड़िता ने एसपी से प्रदीप कुमार, रतनलाल, घनश्याम कठेरिया, उदय कुमार और निरंजन कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)