सपा-कांग्रेस की पोस्ट पर 30 मिनट में काउंटर करेगी BJP:वाराणसी में विनोद तावड़े बोले-विपक्ष का नैरेटिव तोड़ेगा IT-सेल
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भाजपा ने सोशल मीडिया पर अपनी सक्रियता बढ़ाने की रणनीति बनाई है। वाराणसी में शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने सोशल मीडिया से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ कार्यशाला की। इसमें सोशल मीडिया पर सामने आने वाले विपक्षी दावों और पार्टी की सरकारों से जुड़े मुद्दों का जवाब जल्द देने पर जोर दिया गया। कार्यशाला में डिजिटल टीम के लिए 30 मिनट के भीतर जवाब देने का टास्क रखा गया है। विपक्षी दलों या नेताओं की ओर से किसी मुद्दे पर पोस्ट या नैरेटिव सामने आने पर उसकी जानकारी जुटाकर जल्द काउंटर तैयार किया जाएगा। इसके लिए यूपी के प्रभारी विनोद तावड़े और सह प्रभारी जगदीश पटेल ने 4 घंटे की क्लास चलाई। कमिश्नरी सभागार में कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग दी गई, उन्हें चुनावी बयानों और विरोधियों के पोस्ट का उदाहरण भी दिया गया। शुक्रवार को यूपी प्रभारी विनोद तावड़े ने कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत के लिए जमीन के साथ मोबाइल में सक्रियता का मंत्र दिया। उन्हेांने सोशल मीडिया कार्यशाला में कार्यकर्ताओं को हर पोस्ट पर धैर्य से जवाब देने और सही सूचनाएं प्रसारित करने का गुर सिखाया। बताया कि सोशल मीडिया का सहारा लेकर यूपी चुनाव में जीत दर्ज करना है। हर दिन जनता तक सरकार के काम और सकारात्मक सोच को पहुंचाना है। फेसबुक, व्हाट्सएप और एक्स पर पोस्ट को करके गहरी पैठ बनानी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बताया कि सॉफ्ट और सरकारी एंगल से किस तरह से प्रदेश और देश की सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को सोशल मीडिया पर वायरल करना है। सरकार द्वारा चलाई जा रही तमाम योजनाएं गिनानी है। जिनमें गरीबों का राशन कार्ड बनाना, किसान सम्मान, एक्सप्रेस वे इत्यादि का रील और मीम बनाकर जन जन तक पहुंचाने की बात कही गई है। यही नहीं क्योंकि पूर्वांचल में भोजपुरी भाषा अत्यधिक लोकप्रिय है, इस वजह से यदि भोजपुरी भाषा में इसका प्रचार प्रसार किया जाए तो यह काफी हद तक जन जन तक पहुंचेगी। 30 मिनट में काउंटर प्लान विनोद तावड़े ने युवा कार्यकर्ताओं से संवाद किया। ऐसे कार्यकर्ता जो सोशल मीडिया पर अधिक एक्टिव हैं, उन्हें उन्होंने गुरु मंत्र दिया है। तावड़े ने आईटी सेल को फेक न्यूज़ आर्मी के खिलाफ फैक्ट जारी करने की बात कही। समाजवादी पार्टी, अखिलेश यादव के साथ ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी या विपक्ष के किसी भी तरह से नैरेटिव सेट करके कंटेंट ट्वीट या सोशल मीडिया पर डाला जाता है, तो 30 मिनट के अंदर काउंटर किया जाना चाहिए। विपक्ष द्वारा सोशल मीडिया पर फैलाई जा रहे नैरेटिव का 30 मिनट के भीतर जवाब देना अटैक जनता के बीच मजबूत करेगा। अब नैरेटिव में नहीं फंसने वाली है, इसके लिए भाजपा ने कई तैयारी की है। हर बूथ पर 10 यूथ उन्होंने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट तौर पर संदेश दिया है कि सरकार की योजनाओं को रील के माध्यम से गांव-गांव और समाज के एक-एक व्यक्ति के मोबाइल तक पहुंचना है। यही नहीं प्रत्येक बूथ पर 10 यूथ की तैनाती होगी। सोशल मीडिया पर प्रचार प्रसार के अलावा यह यूथ उसे बूथ के वोटरों से भी मुलाकात करेंगे और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा है कि सरकार की योजना सिर्फ कागज तक ही सीमित नहीं है, जन-जन तक पहुंची है। योजना को एक बार फिर से डिजिटल माध्यम से लोगों तक पहुंचाने का समय है। तावड़े ने स्पष्ट तौर पर संदेश दिया है कि यदि बूथ जीत जाते हैं, तो उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव जीतना काफी आसान हो जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)