रायबरेली में हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी:सुबह पूजा के समय पता चला, लोगों ने जताया विरोध
रायबरेली के भदोखर थाना क्षेत्र के मुंशीगंज चौराहा स्थित प्रसिद्ध व प्राचीन संकट मोचन धाम (हनुमान मंदिर) में चोरों ने रविवार देर रात 2 बजे भगवान का मुकुट पार कर दिया। सोमवार सुबह 5 बजे मंदिर के पुजारी पूजा-अर्चना करने पहुंचे और पट खोला तो हनुमान जी का मुकुट गायब देखकर हैरान रह गए। चोरी की खबर फैली और देखते ही देखते मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। घटना को लेकर स्थानीय भक्तों में भारी आक्रोश व्याप्त है। मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी होने की सूचना पाकर भदोखर थाना अध्यक्ष राकेश चंद्र आनंद मौके पर पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मंदिर परिसर व आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं से मंदिरों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि घटना का जल्द से जल्द खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार किया जाए और मंदिरों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। फिलहाल भदोखर पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)