रायबरेली में संचारी रोग नियंत्रण अभियान का आगाज:दस्तक अभियान भी चलेगा, 1 से 31 अक्टूबर तक साफ-सफाई पर रहेगा जोर

Oct 01, 2026 - 15:44
0
रायबरेली में संचारी रोग नियंत्रण अभियान का आगाज:दस्तक अभियान भी चलेगा, 1 से 31 अक्टूबर तक साफ-सफाई पर रहेगा जोर
रायबरेली जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने कंपोजिट विद्यालय चक अहमदपुर से विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर दस्तक अभियान के तहत लोगों को साफ-सफाई और स्वच्छता का संकल्प दिलाया गया। अभियान के शुभारंभ के अवसर पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि 1 से 31 अक्टूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 12 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलाया जा रहा है। सभी संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा एवं लगन के साथ जनपद को स्वच्छ बनाने में सहयोग करें और अभियान को गंभीरता से संचालित करें। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास विभाग, पंचायती राज/ग्राम्य विकास, पशुपालन विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार, शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, कृषि एवं सिंचाई, उद्यान तथा सूचना विभाग समन्वित रूप से कार्रवाई करेंगे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने विभाग से संबंधित गतिविधियों को कार्ययोजना के अनुरूप सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान फ्रंटलाइन वर्कर्स आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रतिदिन अपने क्षेत्र में घरों का भ्रमण करेंगी। इस दौरान बुखार के रोगियों, इनफ्लुएंजा लाइक इलनेस (आईएलआई) के मरीजों, फाइलेरिया, कालाजार और क्षय रोग के लक्षण वाले व्यक्तियों तथा कुपोषित बच्चों की सूची तैयार कर एएनएम के माध्यम से ब्लॉक मुख्यालय पर प्रस्तुत की जाएगी। जिलाधिकारी ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत साफ-सफाई, स्वच्छता, एंटी लार्वा छिड़काव, फॉगिंग, नाला-नालियों की सफाई, तालाबों और पोखरों के आसपास की झाड़ियों की सफाई, सूअरबाड़ों की सफाई तथा कीटनाशक दवाओं के छिड़काव का कार्य शत-प्रतिशत सुनिश्चित कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि अभियान के संचालन के लिए 361 एएनएम, 2,724 आशा कार्यकर्ता और 2,443 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को लगाया गया है। जनपद की 980 ग्राम पंचायतों, 1,551 राजस्व ग्रामों, एक नगर पालिका और कुल 9 नगर पंचायतों के 144 वार्डों में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User