रायबरेली में उद्यान मंत्री ने बांटे छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र:9117 छात्रों को 2.20 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि मिली
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में 4.60 लाख से ज्यादा छात्रों को 148 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति दी। रायबरेली के रतापुर सामुदायिक केंद्र में जिला स्तरीय छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ। उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह मुख्य अतिथि रहे। जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी और मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता मौजूद थीं। दीप जलाकर कार्यक्रम शुरू हुआ। मंत्री ने छात्रों को छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र बांटे। जिले के कुल 9117 छात्रों को 2.20 करोड़ रुपये से ज्यादा की छात्रवृत्ति दी गई। इसमें अनुसूचित जाति के 9वीं-10वीं के 1747 छात्रों को 24.46 लाख, 11वीं-12वीं के 1391 छात्रों को 41.90 लाख; सामान्य वर्ग के 9वीं-10वीं के 608 छात्रों को 18.24 लाख, 11वीं-12वीं के 460 छात्रों को 13.92 लाख; अन्य पिछड़ा वर्ग के 9वीं-10वीं के 2748 छात्रों को 61.83 लाख और 11वीं-12वीं के 2163 छात्रों को 59.70 लाख रुपये मिले। मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास का आधार है। सरकार चाहती है आर्थिक परेशानी पढ़ाई में बाधा न बने। छात्रवृत्ति योजनाएं सभी को अच्छी शिक्षा के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं। उद्यान मंत्री ने छात्र-छात्राओं से कहा कि छात्रवृत्ति केवल आर्थिक सहायता नहीं है, बल्कि यह आपके उज्ज्वल भविष्य के प्रति सरकार के विश्वास और आपकी जिम्मेदारी का प्रतीक भी है। आप मन लगाकर पढ़ाई करें, अपने माता-पिता, गुरुजनों तथा जनपद का नाम रोशन करें और भविष्य में देश एवं प्रदेश के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। हमारे युवा ही विकसित एवं सशक्त भारत की नींव हैं। शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में अनुशासन, संस्कार, कौशल, नवाचार और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होना भी आवश्यक है। आज जिन छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति की धनराशि प्राप्त हो रही है, उन्हें एक बार पुनः बहुत-बहुत बधाई। मेरी शुभकामना है कि आप सभी अपने जीवन में सफलता की नई ऊंचाइयां प्राप्त करें और अपने परिवार, समाज तथा राष्ट्र का गौरव बढ़ाएं। आप सभी को उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी पीयूष चन्द्र राय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी महिमा, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.वी. सिंह सहित अन्य अधिकारी व विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)