सांप के डसने से 10 वीं की छात्रा की मौत:बांदा में इलाज के दौरान मौत, परिवार में पसरा मातम

Sep 26, 2026 - 15:23
0
सांप के डसने से 10 वीं की छात्रा की मौत:बांदा में इलाज के दौरान मौत, परिवार में पसरा मातम
बांदा में घर के अंदर सो रही कक्षा 10 की छात्रा को जहरीले सांप ने डस लिया। अचानक हालत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। सुबह 6 बजे मौत हो गई। छात्रा की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। घटना शहर कोतवाली क्षेत्र की बताई जा रही है। मृतका की पहचान संध्या (16) पुत्री मनोज के रूप में हुई है। वह डिंगवाही स्थित बुंदेलखंड इंटर कॉलेज में कक्षा 10 में पढ़ती थी। इन दिनों वह अपनी मां और भाई-बहन के साथ मामा के घर कतरावल दिनगवाही में रह रही थी। परिजनों के अनुसार कल रात करीब 9 बजे परिवार के सभी लोगों ने खाना खाया और इसके बाद सोने चले गए। संध्या बरामदे के अंदर बने एक कमरे में अकेली सो रही थी। उसका मामा घर के अंदर दूसरे कमरे में सो रहा था। रात करीब 11 बजे अचानक संध्या को सांप ने डस लिया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों को घटना की जानकारी हुई। परिजन आनन-फानन में संध्या को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार के लोगों के मुताबिक सांप के डसने के बाद उसकी हालत तेजी से खराब हुई थी। संध्या तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। उसके बाद एक भाई और सबसे छोटी बहन रक्षा है। उसकी मां गृहिणी हैं। परिवार के लिए यह हादसा इसलिए भी बड़ा झटका है, क्योंकि संध्या के पिता मनोज की पहले ही जंगली सुअर के हमले में मौत हो चुकी थी। पिता की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी और बच्चों की परवरिश मां के सहारे चल रही थी। संध्या पढ़ाई कर रही थी और कक्षा 10 में होने के कारण आगे की पढ़ाई को लेकर परिवार को उससे उम्मीदें थीं। अचानक हुई मौत से मां और भाई-बहनों का रिश्ता रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने घटना की जानकारी ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User