शादी का झांसा देकर युवती को बंधक बनाने का आरोप:शामली में पिता ने थाने में दी तहरीर, धर्मांतरण की आशंका

Oct 15, 2026 - 18:55
0
शादी का झांसा देकर युवती को बंधक बनाने का आरोप:शामली में पिता ने थाने में दी तहरीर, धर्मांतरण की आशंका
शामली के कांधला कस्बे में दिल्ली निवासी युवती को प्रेमजाल में फंसाकर शादी का झांसा देने और बंधक बनाकर रखने का आरोप सामने आया है। युवती के पिता ने गुरुवार शाम करीब 5 बजे कांधला थाने में तहरीर देकर आरोपी युवक और उसके परिजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं, बघरा योग साधना आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी यशवीर महाराज ने मामले में धर्मांतरण की आशंका जताते हुए पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और युवती को सुरक्षित बरामद कराने की मांग की है। 4 सितंबर से लापता है युवती दिल्ली के छतरपुर क्षेत्र निवासी युवती के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी 4 सितंबर को घर से लापता हो गई थी। आरोप है कि कांधला निवासी युवक उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ ले आया। पिता के मुताबिक, युवती घर से जेवर भी लेकर गई थी। आरोप है कि युवक और उसके परिजनों ने जेवर अपने पास रख लिए और उनमें से कुछ को खतौली में बेच दिया। फोन पर मां से मदद मांगने का दावा युवती के पिता का आरोप है कि उनकी बेटी ने फोन पर मां से बातचीत के दौरान कांधला में जबरन बंधक बनाकर रखने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने की बात कही। पिता के अनुसार, युवती ने मां से मदद मांगी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कराने की बात कही। मां-बेटी के बीच हुई बातचीत का ऑडियो भी पुलिस को उपलब्ध कराया गया है। यह ऑडियो सोशल मीडिया के एक व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल होने की बात सामने आई है। ऑडियो में युवती अपनी मां से कहती सुनाई देती है कि वह जा रही है और संभव है कि दोबारा बात न हो। वह यह भी कहती सुनाई देती है कि उसका सब कुछ खत्म हो गया है। हालांकि, ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और बातचीत की परिस्थितियों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। स्वामी यशवीर महाराज ने उठाई जांच की मांग बघरा योग साधना आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी यशवीर महाराज ने मामले में धर्मांतरण की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि युवती के परिजनों ने उन्हें पूरे प्रकरण की जानकारी दी है। उन्होंने शामली के पुलिस अधीक्षक से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने, युवती को सुरक्षित बरामद करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। स्वामी यशवीर महाराज ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई और युवती को सुरक्षित नहीं निकाला गया, तो वह हिंदू समाज के लोगों के साथ कांधला पहुंचकर युवती से मिलने जाएंगे। एसपी बोले- दिल्ली पुलिस करेगी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि युवती दिल्ली की रहने वाली है और युवक भी वहीं रहता है। इस मामले में कार्रवाई दिल्ली पुलिस करेगी। उन्होंने अपने स्तर से जानकारी कराई है, जिसमें युवती और युवक कांधला में नहीं मिले। एसपी ने कहा कि दिल्ली पुलिस को जरूरत पड़ने पर शामली पुलिस पूरा सहयोग करेगी। फिलहाल युवती के पिता की ओर से लगाए गए आरोपों, युवती की स्थिति और वायरल ऑडियो से जुड़े तथ्यों पर संबंधित पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User