शादी से इनकार पर युवक ने दी हत्या की धमकी:अलीगढ़ में फोटो वायरल करने की धमकी, सेंटर में घुसा युवक, युवती को बाहर बुलाकर बाल पकड़कर पीटा

Oct 01, 2026 - 09:40
0
शादी से इनकार पर युवक ने दी हत्या की धमकी:अलीगढ़ में फोटो वायरल करने की धमकी, सेंटर में घुसा युवक, युवती को बाहर बुलाकर बाल पकड़कर पीटा
शादी से इनकार करने पर एक युवक ने युवती को कथित तौर पर पहले फोन पर धमकियां दीं और फिर उसके कार्यस्थल पर पहुंच गया। आरोप है कि युवक ने युवती को सेंटर से बाहर बुलाया और गाली-गलौज करते हुए उसके बाल पकड़कर मारपीट की। उसका मोबाइल छीन लिया और छेड़खानी की। युवती के शोर मचाने पर सेंटर संचालक बाहर आए और उसे बचाया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रामघाट रोड स्थित एक आई सेंटर का है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रोहित पुत्र रणवीर सिंह, निवासी गांव ममौता कलां, थाना सासनी, अलीगढ़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी जा रही है। पहले बातचीत, शादी की बात पर परिवारों ने किया इनकार एफआईआर के अनुसार युवती की पहले रोहित से मोबाइल पर बातचीत होती थी। दोनों ने परिवारों से शादी कराने की बात कही थी, लेकिन दोनों परिवार इसके लिए तैयार नहीं हुए। इसके बाद युवती ने रोहित से बातचीत बंद कर दी। आरोप है कि इसके बाद रोहित ने अज्ञात नंबरों से फोन कर उसे परेशान करना शुरू कर दिया। युवती का आरोप है कि रोहित धमकी देता था कि अगर उसने उससे शादी नहीं की तो उसके फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा और समाज में बदनाम करेगा। साथ ही युवती और उसके होने वाले पति की हत्या करने की धमकी भी दी गई। काम कर रही थी युवती, सेंटर में पहुंच गया आरोपी 29 सितंबर की शाम युवती सेंटर पर काम कर रही थी। इसी दौरान रोहित सेंटर के अंदर पहुंच गया और उससे बात करने की बात कही। युवती उसके साथ बाहर आई तो आरोप है कि रोहित ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उसके बाल पकड़कर मारपीट की और मोबाइल फोन जबरन छीन लिया। युवती ने छेड़खानी का भी आरोप लगाया है। शोर सुनकर सेंटर संचालक बाहर आए और युवती को आरोपी से बचाया। आरोप है कि उन्होंने रोहित से युवती का मोबाइल भी वापस कराया। 112 पर सूचना, लोगों ने आरोपी को दबोचा घटना के तुरंत बाद युवती ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही लोगों ने रोहित को पकड़ लिया था। बाद में उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। युवती इसके बाद थाने पहुंची और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। सिविल लाइन पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े आरोपों, कॉल और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User