शाहजहांपुर में नदी-नालों में डूबने की तीन घटनाएं:पांचवीं के छात्र का शव मिला, 7 साल के बच्चे और 38 साल के व्यक्ति की तलाश जारी
शाहजहांपुर में मंगलवार को नदी और नाले में डूबने की तीन अलग-अलग घटनाएं हुई। पुवायां में दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया 7 साल का पवन कुमार डूब गया, जबकि कलान में बाढ़ के पानी में नहाते समय 38 साल के नरसिंह गहरे पानी में चले गए। दोनों की देर रात 11 बजे तक तलाश जारी रही, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। वहीं बंडा थाना क्षेत्र में साइकिल समेत नाले में गिरे 12 साल के अजय का शव करीब ढाई घंटे की तलाश के बाद शाम चार बजे बरामद कर लिया गया। तीनों घटनाओं के बाद पुलिस, गोताखोर, फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू में जुटीं। अंधेरा होने के कारण पवन और नरसिंह की तलाश रोकनी पड़ी, जिसे बुधवार सुबह दोबारा शुरू किया जाएगा। पुल से नदी में कूदा 7 साल का पवन पुवायां के बिलंदपुर गांव का रहने वाला 7 साल का पवन कुमार मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे दोस्तों के साथ करनापुर-पैतापुर घाट के पास नदी में नहाने गया था। इसी दौरान उसने पुल से नदी में छलांग लगा दी। पानी में गिरने के बाद वह डूबने लगा। बच्चे को डूबता देखकर वहां मौजूद एक किसान ने उसके परिजनों और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम कांटा डालकर और गोताखोर नदी में उतरकर तलाश में जुट गए। देर रात तक सफलता नहीं मिली। एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा।
दोस्तों के साथ बाढ़ के पानी में नहा रहा था नरसिंह दूसरी घटना कलान के सियूड़ी गांव की है। यहां 38 साल का नरसिंह मंगलवार शाम दोस्तों के साथ अरिल नदी के बाढ़ के पानी में नहा रहा था। इसी दौरान वह गहरे पानी की ओर चला गया और डूब गया। साथ नहा रहे दोस्तों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे और नदी में उसकी तलाश शुरू की। देर रात तक नरसिंह का कोई पता नहीं चल पाया। बेटे की तलाश को लेकर परिवार के लोग भी मौके पर मौजूद रहे और सदमे में रहे। साइकिल समेत नाले में गिरा 12 साल का अजय बंडा थाना क्षेत्र की रामनगर कॉलोनी का रहने वाला 12 साल का अजय मंगलवार को अपने दोस्त के साथ साइकिल से जा रहा था। इसी दौरान दोनों नाले में गिर गए। अजय गहरे पानी में चला गया, जबकि उसका दोस्त किसी तरह बाहर निकल आया। सूचना के बाद गोताखोरों ने तलाश शुरू की। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद शाम चार बजे अजय का शव उसी नाले से बरामद कर लिया गया। यह नाला भैंसी नदी से निकलकर बंडा गांव की ओर जाता है। तीनों घटनाओं के बाद प्रशासन ने नदी-नालों में रेस्क्यू अभियान तेज किया। अजय का शव मिलने के बाद नाले वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया गया, ताकि दोबारा कोई हादसा न हो। पुवायां के पवन और कलान के नरसिंह की तलाश देर रात तक जारी रही। अंधेरा बढ़ने पर अभियान रोक दिया गया। प्रशासन के मुताबिक बुधवार सुबह दोनों की तलाश फिर से शुरू की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)