शाहजहांपुर में पैसे नहीं देने पर चाचा की हत्या:भतीजे ने सिर पर ईंट मारकर जान ली, आए दिन होता था विवाद
शाहजहांपुर में 70 वर्षीय राम स्नेही की भतीजे अरविंद ने ईंट से हमला कर हत्या कर दी। शुक्रवार शाम करीब साढ़े 6 बजे अरविंद ने शराब के लिए चाचा से पैसे मांगे थे। राम स्नेही ने पैसे देने से मना किया तो अरविंद ने उनके सिर पर ईंट मार दी। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर हुई। मामला रोजा थाना क्षेत्र के हथौड़ा बुजुर्ग गांव का है। बचपन में माता-पिता की मौत, चाचा ने नहीं की शादी ग्रामीणों के मुताबिक, अरविंद के माता-पिता की बचपन में ही मौत हो गई थी। इसके बाद चाचा राम स्नेही ने उसकी परवरिश की। ग्रामीणों का कहना है कि भतीजे की देखभाल के लिए राम स्नेही ने शादी तक नहीं की थी। उन्होंने अरविंद को पाल-पोसकर बड़ा किया। करीब तीन साल पहले शराब पीने की वजह से अरविंद की पत्नी उसे छोड़कर चली गई। इसके बाद अरविंद ने काम करना बंद कर दिया और शराब का सेवन और बढ़ गया। ग्रामीणों के अनुसार, शराब के नशे में वह अक्सर चाचा से पैसे मांगता और पैसे नहीं मिलने पर विवाद करता था। बच्चों को पीटता था, चाचा करते थे विरोध ग्रामीणों ने बताया कि अरविंद शराब के नशे में अपने दोनों बच्चों के साथ भी मारपीट करता था। राम स्नेही छोटे बच्चों की पिटाई बर्दाश्त नहीं कर पाते थे और उन्हें रोकते थे। इस पर अरविंद चाचा से ही झगड़ने लगता था। आए दिन विवाद होने के कारण राम स्नेही गांव में ही एक व्यक्ति के घर चले जाते थे। वह काफी-काफी देर वहीं रहते थे और उनके खाने की व्यवस्था भी उसी घर में होती थी। राम स्नेही के पास खेती नहीं थी। ग्रामीणों के मुताबिक, इससे उनका जीवनयापन भी मुश्किल से हो रहा था। पेंशन से करते थे बच्चों का पालन-पोषण ग्रामीणों ने बताया कि राम स्नेही बाबा जय गुरुदेव की संस्था के सदस्य थे। गांव में लोग उन्हें ‘गुरुदेव’ कहकर बुलाते थे। उन्हें वृद्धावस्था पेंशन मिलती थी। ग्रामीणों के अनुसार, इसी पेंशन से वह अरविंद के दोनों बच्चों के पालन-पोषण में मदद करते थे। पिछले करीब एक महीने से अरविंद के दोनों बच्चे दूसरे गांव में अपनी बुआ के घर रह रहे हैं। आरोपी फरार, पुलिस तलाश में जुटी शुक्रवार शाम अरविंद ने चाचा से शराब के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि अरविंद ने ईंट से राम स्नेही के सिर पर हमला कर दिया और फरार हो गया। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि भतीजे पर हत्या का आरोप है। स्थानीय लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। एसपी सिटी देवेंद्र सिंह ने बताया- भतीजे ने किसी भारी वस्तु से रामस्नेही के सिर पर वार किया, जिससे रामस्नेही की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। तहरीर प्राप्त होने के बाद उसके आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम लगी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)