सहारनपुर में दो नशा तस्कर अरेस्ट:10 लाख कीमत की 52.37 ग्राम स्मैक और 1300 रुपए नकद बरामद
सहारनपुर पुलिस ने दो नशा तस्करों को अरेस्ट किया है। उनके कब्जे से 52.37 ग्राम अवैध स्मैक और 1300 रुपये नकद बरामद हुए हैं। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। शुक्रवार दोपहर दो बजे थाना नागल पुलिस ने ऑपरेशन सवेरा अभियान के तहत यह कार्रवाई की। दोनों आरोपी नागल थाना क्षेत्र के बेल्डा जुनारदार गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब नशे के अवैध कारोबार से जुड़े उनके आगे और पीछे के नेटवर्क की जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष राधेश्याम यादव के अनुसार, जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए ऑपरेशन सवेरा चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस टीम गश्त चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कस्बा नागल से नन्हेड़ा बुड्ढाखेड़ा जाने वाले रास्ते पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान पुलिस टीम ने दो संदिग्धों को पकड़कर तलाशी ली। उनकी पहचान मोनिश पुत्र मुकर्रम और शोएब पुत्र मेहरबान, निवासी बेल्डा जुनारदार, थाना नागल, जिला सहारनपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से कुल 52.37 ग्राम अवैध स्मैक और 1300 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 10 लाख रुपये है। बरामदगी के आधार पर नागल थाने में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी स्मैक कहां से लाते थे और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जाती थी। इसके लिए नशे के कारोबार से जुड़े आगे और पीछे के संपर्कों की जांच की जा रही है। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया में जुटी है। यह कार्रवाई एसएसपी के निर्देशन मे नागल थाना प्रभारी राधेश्याम यादव के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में एसआई नितिन कुमार, हेड कांस्टेबल रणजीत सिंह, कांस्टेबल अमित कुमार और रिजर्व कांस्टेबल जय सिंह शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)