सहारनपुर में गांधी-शास्त्री जयंती पर श्रद्धांजलि:मंडलायुक्त, DM और महापौर ने महापुरुषों के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया

Oct 02, 2026 - 17:12
0
सहारनपुर में गांधी-शास्त्री जयंती पर श्रद्धांजलि:मंडलायुक्त, DM और महापौर ने महापुरुषों के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया
सहारनपुर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार सुबह 11 बजे सहारनपुर में मंडलायुक्त कार्यालय, कलेक्ट्रेट और नगर निगम में कार्यक्रम आयोजित किए गए। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। साथ ही उनके सत्य, अहिंसा, सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के विचारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने कार्यालय सभाकक्ष में महात्मा गांधी की 157वीं और लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती पर उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि गांधी ने सत्य, अहिंसा, प्रेम, शांति और सद्भाव के रास्ते पर चलकर स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उनके विचार आज भी समाज में आपसी सौहार्द, समानता और भाईचारे की भावना मजबूत करने के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने शास्त्री जी के सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण को प्रेरणादायक बताया। इस दौरान अपर आयुक्त भानू प्रताप यादव, रमेश यादव समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कलेक्ट्रेट में डीएम अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुआ। नवीन सभागार में डीएम ने गांधी और शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण किया। एडीएम वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल, नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह समेत अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पुष्प अर्पित किए। डीएम ने कहा कि दोनों महापुरुषों के सिद्धांत और विचार जीवन में आत्मसात करने की जरूरत है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कलेक्ट्रेट आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को बिना सिफारिश के अपना काम सही तरीके से होने का विश्वास होना चाहिए। निर्णय लेते समय अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति पर उसके प्रभाव को ध्यान में रखा जाए। नगर निगम में महापौर डॉ. अजय कुमार ने ध्वजारोहण कर दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने कहा कि गांधी का स्वच्छता, स्वावलंबन और ग्राम स्वराज का विचार आज भी प्रासंगिक है। शास्त्री अपनी सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। मुख्य अभियंता सुरेंद्र प्रसाद मिश्र, साहित्यकार डॉ. वीरेंद्र आजम समेत निगम अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी श्रद्धांजलि दी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User