सहारनपुर में मौलवी पति समेत 10 ससुरालियों पर केस:पत्नी बोली-12-13 बार निकाह कराया, जबरन गर्भपात और अप्राकृतिक संबंध बनाए
सहारनपुर में महिला थाना पुलिस ने बुधवार सुबह एक महिला की शिकायत पर उसके मौलवी पति समेत 10 ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। महिला ने शादी के बाद से मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना, मारपीट और दहेज के लिए परेशान करने के आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि पति ने अलग-अलग बहाने बनाकर उससे करीब 12-13 बार निकाह किया। उसने जबरन अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने और उसकी इच्छा के खिलाफ तीन बार गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया है। महिला के मुताबिक, ससुराल में भी उसके साथ मारपीट की गई। 27 सितंबर 2025 को मारपीट में उसकी पसलियां टूट गईं और उसे घर से निकाल दिया गया। तभी से वह मायके में रह रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 2012 में हुआ था निकाह, 12-13 बार दोबारा कराया महिला ने पुलिस को बताया कि उसका निकाह 8 जुलाई 2012 को सय्यद मुज्जफर हुसैन के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। शादी में मायके वालों ने करीब 8 लाख रुपए खर्च किए थे। इलेक्ट्रॉनिक सामान, फर्नीचर, जेवरात और घरेलू सामान भी दहेज में दिया था। दंपती के दो बच्चे हैं। महिला के मुताबिक, उसका पति मौलवी है और झाड़-फूंक, जादू-टोना और यूनानी दवाइयों से इलाज करता है। शादी के बाद वह उसे हापुड़ के शेरपुर ले गया। वहां यह कहकर दोबारा निकाह किया कि पहले निकाह के गवाहों की दाढ़ी नहीं थी, इसलिए निकाह मान्य नहीं है। महिला का आरोप है कि इसके बाद भी अलग-अलग बहाने बनाकर कई बार उसका निकाह कराया गया। घर में बंद करता था, मारपीट का भी आरोप महिला ने आरोप लगाया कि पति उसे कई बार घर में अकेला बंद करके बाहर से ताला लगा देता था। कपड़ों और हिजाब को लेकर गाली-गलौज करता था। वह उसके बड़े बेटे को अपना बेटा मानने से भी इनकार करता था। महिला के मुताबिक, एक बार मारपीट के दौरान पति ने उसका सिर वॉश बेसिन में मार दिया। इससे सिर में गंभीर चोट आई और 7-8 टांके लगे। तहरीर में पति पर जबरन अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने और विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप भी लगाया गया है। महिला का आरोप है कि हापुड़ में दो बार और रोशनाबाद में एक बार गर्भवती होने पर पति ने उसकी इच्छा के खिलाफ गर्भपात करा दिया। रामपुर में ससुरालियों पर प्रताड़ित करने का आरोप बाद में पति उसे रामपुर के गांव बागी स्थित पैतृक घर ले गया। महिला ने आरोप लगाया कि वहां उसके साथ नौकरानी जैसा व्यवहार किया गया और दहेज को लेकर ताने दिए गए। महिला ने अपने जेठ जैनुल आबुद्दीन पर गलत नजर रखने और जबरन संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप भी लगाया है। महिला के मुताबिक, 27 सितंबर 2025 को ससुरालियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इसमें उसकी पसलियां टूट गईं। इसके बाद उसे घर से निकाल दिया गया। तभी से वह मायके में रह रही है। महिला ने अपने जेवर, स्त्रीधन और दहेज का सामान भी ससुरालियों के कब्जे में होने का आरोप लगाया है। महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति समेत 10 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।व
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)