सहारनपुर में तीन दिवसीय पुलिस बैडमिंटन टूर्नामेंट का समापन:SSP अभिनंदन सिंह और सोनू की जोड़ी बनी चैंपियन, कई वर्गों में हुए मुकाबले
सहारनपुर रिजर्व पुलिस लाइन स्थित बैडमिंटन क्लब में चल रहे तीन दिवसीय पुलिस बैडमिंटन टूर्नामेंट-2026 का मंगलवार देर रात 12 बजे समापन हो गया। प्रतियोगिता में पुलिस परिवार के बच्चों से लेकर पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने विभिन्न वर्गों में उत्साह के साथ हिस्सा लिया। मैचों के दौरान खिलाड़ियों ने खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के अंडर-9 वर्ग में वैभव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। प्रिन्स उपविजेता रहे। अंडर-13 वर्ग में दीपांशु ने बाजी मारी, जबकि अक्षत दूसरे स्थान पर रहे। इसी आयु वर्ग के बालिका वर्ग में आराध्या विजेता और आशवी उपविजेता रहीं। अंडर-17 वर्ग में प्रभाव ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। वैभव को उपविजेता से संतोष करना पड़ा। वहीं पुलिस महिला ओपन वर्ग में साधना ने विजेता ट्रॉफी जीती, जबकि पूनम उपविजेता रहीं। प्रतियोगिता के पुलिस ओपन डबल्स वर्ग में मुख्य आरक्षी सोनू और विजय की जोड़ी विजेता बनी। विनोद और रूपेश की जोड़ी उपविजेता रही। सबसे खास मुकाबला राजपत्रित एवं अराजपत्रित डबल्स वर्ग में देखने को मिला। इसमें एसएसपी अभिनन्दन सिंह और मु0 आ0 सोनू की जोड़ी ने विजेता का खिताब हासिल किया। सीटीओ सूरज कुमार और मु0आ0 विजय की जोड़ी उपविजेता रही। तीन दिनों तक चली प्रतियोगिता में पुलिस परिवार के बच्चों, पुलिस नवागंतुकों, पुलिस ओपन वर्ग के खिलाड़ियों तथा राजपत्रित और अराजपत्रित अधिकारी-कर्मचारियों ने भाग लिया। अलग-अलग आयु और वर्गों में खिलाड़ियों के बीच मुकाबले हुए। समापन के दौरान विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की गई। प्रतियोगिता ने पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को खेल गतिविधियों से जोड़ने के साथ आपसी समन्वय और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का अवसर भी दिया। अधिकारियों ने खिलाड़ियों को आगे भी खेलों में सक्रिय रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)