सहारनपुर नगर निगम बैठक में शहर के मुद्दे छाए:पांवधोई नदी की सफाई नवंबर में होगी, खराब स्ट्रीट लाइटें भी सुधरेंगी
सहारनपुर में पांवधोई नदी की सफाई नवंबर में कराई जाएगी। नगर निगम में शुक्रवार शाम पांच बजे व्यापार बंधु और उद्योग बंधु की अलग-अलग बैठकों में व्यापारियों और उद्यमियों ने स्ट्रीट लाइट, सफाई, नाला निर्माण, जल निकासी और अतिक्रमण समेत कई समस्याएं उठाईं। अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर निगम के शाकुंभरी सभागार में अपर नगरायुक्त सूरज कुमार यादव की अध्यक्षता में बैठक हुई। व्यापार बंधु की बैठक में व्यापारी नुसरत साबरी ने पांवधोई नदी की सफाई का मुद्दा उठाया। इस पर मुख्य अभियंता निर्माण सुरेंद्र प्रसाद मिश्र ने बताया कि फिलहाल ढमोला नदी की सफाई कराई जा रही है। इसके बाद नवंबर में पांवधोई नदी की सफाई कराई जाएगी। व्यापारी राजेश गुलाटी ने वार्डों में फॉगिंग और चूना छिड़काव नहीं होने की शिकायत की। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह ने बताया कि विशेष संचारी रोग अभियान के तहत रोस्टर बनाकर प्रतिदिन 14 वार्डों में सफाई,चूना और एंटीलार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। इसके अलावा 22 वार्डों के बाहरी क्षेत्रों में जलभराव वाले स्थानों पर दो वाहनों से एंटीलार्वा का छिड़काव किया जा रहा है। व्यापारी नरेश गोयल ने पार्कों की सफाई,जबकि मुकुंद मनोहर गोयल ने डीएम आवास रोड और देहरादून रोड की खराब स्ट्रीट लाइटों का मुद्दा उठाया।उन्होंने सीएम ग्रिड के तहत बन रही सड़कों पर फुटपाथ अधिक चौड़े बनाए जाने की समस्या भी रखी।धोबीघाट के पास दसवां घाट पर महिलाओं के लिए शौचालय और स्नानागार बनाने की मांग पर मुख्य अभियंता ने बताया कि यहां जल्द काम शुरू होगा। अंबाला रोड और घंटाघर पर बसें खड़ी कर सवारियां भरने से लगने वाले जाम का मुद्दा भी उठा।अधिकारियों ने परिवहन विभाग को समस्या से अवगत कराकर समाधान कराने के निर्देश दिए। उद्योग बंधु की बैठक में सड़क और अतिक्रमण के मुद्दे उठे।आईआईए की ओर से उठाए गए निर्माण कार्यों पर मुख्य अभियंता ने बताया कि आरती प्रिंटर्स से सुपर पेंट और अंबे इंडस्ट्रीज से रोहित के मकान तक सड़क व नाली निर्माण पूरा हो चुका है।देहरादून रोड पर पंजाबी ढाबे से राजवाहे तक नाला निर्माण शुरू करा दिया गया है। उद्यमियों ने सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण, पांवधोई नदी किनारे कब्जे तथा शारदानगर पुल की खराब लाइटों का मुद्दा भी उठाया। सहायक नगरायुक्त जेपी यादव ने व्यापारियों से ओटीएस योजना का लाभ अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने बताया कि योजना में बकाया टैक्स पर ब्याज में पूरी छूट का लाभ मिल सकता है।
बैठक में सहायक नगरायुक्त विकास धर दुबे, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)