सहारनपुर से एसटीएफ ने पकड़े 3 हथियार तस्कर अरेस्ट:हथियारों की खेप लेकर निकले, पंजाब समेत दूसरे राज्यों तक कनेक्शन की जांच
सहारनपुर से एसटीएफ मेरठ ने मिर्जापुर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए हथियारों की तस्करी से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। टीम ने इनके कब्जे से 12 बोर के 425 कारतूस के अलावा सात तरह के हथियार, एक तलवार, दो मोबाइल फोन और ब्लैक स्कॉर्पियो बरामद की है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हथियारों की खरीद-फरोख्त और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ मेरठ बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन में की गई। एसटीएफ की टीम गुरुवार तड़के करीब चार बजे मिर्जापुर क्षेत्र में पहुंची थी। इसके बाद संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए टीम ने कार्रवाई की। तीनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हथियार और इतनी बड़ी संख्या में कारतूस कहां से जुटाए गए थे और इन्हें आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी एसटीएफ के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में आजम निवासी मोहल्ला पिलखनतला, चंडीगढ़ पैलेस, थाना मंडी, सहारनपुर, इकराम निवासी गांव बड़ी माहेश्वरी, थाना चिलकाना और दानिश निवासी कस्बा नकुड़, थाना नकुड़, सहारनपुर शामिल हैं। टीम ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पंप एक्शन से लेकर बंदूक और एयर गन तक बरामद तलाशी के दौरान एसटीएफ को एक पंप एक्शन 12 बोर, दो 12 बोर बंदूक, एक 315 बोर बंदूक, तीन एयर गन और एक 12 बोर तमंचा मिला। इसके साथ ही 12 बोर के 425 कारतूस भी बरामद किए गए। हथियारों के अलावा एक तलवार, दो मोबाइल फोन और ब्लैक स्कॉर्पियो कार भी टीम ने कब्जे में ली है। इतनी बड़ी संख्या में कारतूस मिलने के बाद एसटीएफ ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। टीम यह पता कर रही है कि आरोपियों के पास हथियारों का स्रोत क्या था और वे इन्हें किस उद्देश्य से ले जा रहे थे। इंटरनेट मीडिया के जरिए संपर्कों की जांच जांच में इंटरनेट मीडिया के जरिए बनाए गए संपर्क भी एसटीएफ के रडार पर हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपियों के संपर्क पंजाब के कुछ लोगों और संगठनों से होने की बात सामने आई है। पड़ोसी देश से जुड़े कुछ संगठनों के संपर्क की जानकारी भी जांच में सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि इन संपर्कों की वास्तविक भूमिका और हथियारों की सप्लाई से उनका संबंध है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। एसटीएफ अब आरोपियों के मोबाइल फोन में मिले संपर्क, बातचीत और इंटरनेट मीडिया गतिविधियों को भी खंगाल रही है। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि हथियारों की सप्लाई का नेटवर्क केवल सहारनपुर तक सीमित था या इसके तार दूसरे राज्यों तक भी जुड़े हुए हैं। तड़के पहुंची टीम, कई बिंदुओं पर जांच गुरुवार सुबह करीब चार बजे मिर्जापुर क्षेत्र में पहुंची एसटीएफ की टीम ने संदिग्ध ठिकानों और आरोपियों की गतिविधियों पर निगरानी शुरू की। कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटाई जा रही है। पंजाब समेत अन्य राज्यों से संभावित कनेक्शन सामने आने के बाद जांच को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है। एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक पूछताछ में सामने आने वाली जानकारी के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। बरामद हथियारों और कारतूसों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)